ताजा खबरें | कांग्रेस ने दशकों तक अनुच्छेद 370 को अवैध संतान की तरह पाले रखा: अमित शाह
Get latest articles and stories on Latest News at LatestLY. केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कश्मीर मुद्दे से निपटने को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए शुक्रवार को यहां कहा कि इस पार्टी ने दशकों तक अनुच्छेद 370 को एक “अवैध संतान” की तरह पाले रखा और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इसे खत्म कर हमेशा के लिए कश्मीर को भारत के साथ जोड़ दिया।
मुरादाबाद (उप्र), 12 अप्रैल केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कश्मीर मुद्दे से निपटने को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए शुक्रवार को यहां कहा कि इस पार्टी ने दशकों तक अनुच्छेद 370 को एक “अवैध संतान” की तरह पाले रखा और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इसे खत्म कर हमेशा के लिए कश्मीर को भारत के साथ जोड़ दिया।
शाह ने यहां एक चुनावी सभा में कहा, “आप हमें बताएं कि क्या कश्मीर हमारा नहीं है। कांग्रेस के खरगे जी कहते हैं कि राजस्थान और उत्तर प्रदेश के लोगों का कश्मीर से क्या लेना है। मैं उन्हें बताना चाहता हूं कि मुरादाबाद का हर बच्चा कश्मीर के लिए अपना जीवन देने को तैयार है।”
खरगे ने हाल में कहा था कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को अन्य राज्यों में रैलियों को संबोधित करते समय कश्मीर के बारे में नहीं बोलना चाहिए।
शाह ने अनुच्छेद 370 के तहत जम्मू कश्मीर को मिले विशेष दर्जे के संदर्भ में कहा, “सत्तर सालों से कांग्रेस ने अनुच्छेद 370 को एक अवैध संतान की तरह अपनी गोद में पाला। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में कश्मीर को हमेशा के लिए भारत के साथ एक कर दिया गया है।”
शाह ने कहा, “आपने मोदी जी को दूसरी बार प्रधानमंत्री बनाया और मोदी जी ने पांच अगस्त, 2019 को अनुच्छेद 370 खत्म कर दिया। आज हमारा तिरंगा गर्व के साथ वहां लहरा रहा है। मोदी जी के नेतृत्व में कश्मीर को हमेशा के लिए भारत के साथ एक कर दिया गया है।”
कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए शाह ने कहा, “दस वर्ष के कार्यकाल में मोदी जी ने आतंकवाद और नक्सलवाद का इस देश से खात्मा किया। आपको याद होगा कि जब कांग्रेस 10 वर्ष तक सत्ता में थी, हर दिन पाकिस्तान से आलिया, मालिया, जमालिया आता था और यहां बम विस्फोट कर वापस चला जाता। तब किसी के कान पर जूं नहीं रेंगती थी। फिर मोदी जी सत्ता में आए और इन लोगों ने फिर गलती की और उरी एवं पुलवामा में विस्फोट किया, लेकिन वे भूल गए थे कि यहां मनमोहन सिंह की सरकार नहीं है।”
उन्होंने कहा, “यहां नरेन्द्र मोदी की सरकार है तथा 10 दिनों में सर्जिकल स्ट्राइक और हवाई हमले किए गए। पाकिस्तान में उनके घर में घुसकर आतंकवादियों का खात्मा करने का काम नरेन्द्र मोदी जी ने किया। मोदी जी ने इस देश को सुरक्षित किया और इसे समृद्ध किया। ”
उन्होंने यह भी कहा, “मोदी जी ने गरीब लोगों के कल्याण के लिए भी काम किया। उन्होंने पूरे देश को चार जातियों- महिला, गरीब, युवा और किसान में बांटा है। इस आधार पर पूरे देश में हर किसी का विकास करने के लिए काम किया गया है।”
शाह ने कहा,‘‘ इन 10 वर्षों में मोदी जी ने इस देश की अर्थव्यवस्था 11वें पायदान से उठाकर पांचवे पायदान पर पहुंचा दी। यदि आप तीसरी बार मोदी की सरकार बना दें तो भारत को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने की गारंटी मोदी जी देते हैं।’’
उत्तर प्रदेश का जिक्र करते हुए शाह ने कहा, “मोदी जी ने उत्तर प्रदेश के लिए भी काफी कुछ किया है। मैं 2013 में पश्चिमी उत्तर प्रदेश आया था। उस समय, भय, दंगे, गो तस्करी और गुंडों का आतंक था। आपने समाजवादी पार्टी की सरकार हटाई और यहां एक जिला, एक उत्पाद का काम शुरू हुआ और विकास का काम आगे बढ़ा।”
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कैराना से हिंदुओं के कथित पलायन के संदर्भ में शाह ने कहा, “पहले हिंदू पश्चिमी उत्तर प्रदेश और कैराना से पलायन कर रहे थे। आज आप देखते हैं कि आपने सपा को हटाया और हिंदुओं की जगह अब गुंडे पलायन कर रहे हैं।”
उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने उत्तर प्रदेश में सात वर्षों में कानून व्यवस्था की स्थिति मजबूत करने का काम किया है। पलायन, माफिया राज और गो तस्करी खत्म हुई है। मोदी जी ने चार हवाईअड्डे और छह एक्सप्रेसवे उत्तर प्रदेश को दिए हैं।”
केंद्रीय गृह मंत्री ने यह भी कहा,‘‘ मोदी जी ने गन्ने का समर्थन मूल्य 210 रुपये प्रति क्विंटल से बढ़ाकर 340 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया। भुगतान 23,000 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 2.5 लाख करोड़ रुपये कर दिया गया और 20 से अधिक चीनी मिलें चालू की गईं और पांच नई चीनी मिलों का निर्माण किया गया।’’
वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के एसटी हसन मुरादाबाद से विजयी हुए थे। इस बार, सपा ने मुरादाबाद से रुचि वीरा को टिकट दिया है, जबकि भाजपा ने सर्वेश सिंह को खड़ा किया है। सर्वेश सिंह 2014 से 2019 तक मुरादाबाद से लोकसभा सांसद थे। हालांकि 2019 में वह चुनाव हार गए थे।
चुनावी चरण के मुताबिक, उत्तर प्रदेश में आठ संसदीय सीट पर प्रथम चरण में 19 अप्रैल को मतदान होगा। ये सीट सहारनपुर, कैराना, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, नगीना (आरक्षित), मुरादाबाद, रामपुर और पीलीभीत हैं। मतगणना चार जून को होगी।
अरुणव राजेंद्र
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)