देश की खबरें | कांग्रेस सबसे भ्रष्ट पार्टी, महाराष्ट्र की जनता एमवीए से मीलों दूर रहे : प्रधानमंत्री मोदी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को कांग्रेस को देश की सबसे भ्रष्ट पार्टी बताते हुए महाराष्ट्र की जनता से आगामी चुनाव में उसके नेतृत्व वाले विपक्षी गठबंधन से मीलों दूर रहने की अपील की।

ठाणे, पांच अक्टूबर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को कांग्रेस को देश की सबसे भ्रष्ट पार्टी बताते हुए महाराष्ट्र की जनता से आगामी चुनाव में उसके नेतृत्व वाले विपक्षी गठबंधन से मीलों दूर रहने की अपील की।

ठाणे में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का ध्यान केवल विकास पर है, जबकि कांग्रेस के नेतृत्व वाला महा विकास आघाडी (एमवीए) केवल विकास कार्यों को रोकना जानता है। प्रधानमंत्री ने ठाणे में 32,000 करोड़ रुपये से अधिक की कई परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया।

उन्होंने कहा, "हमें विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए मुंबई एवं महानगरीय क्षेत्र (एमएमआर) को भविष्य के लिए तैयार करना होगा। इसके लिए हमें दोगुनी मेहनत करनी होगी। हमें विकास पर ध्यान केंद्रित करना होगा और पिछली कांग्रेस सरकारों द्वारा किए गए नुकसान की भरपाई करनी होगी।

प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य की मौजूदा सरकारों के अंतर्गत बहुत तेज गति से एमएमआर का विकास हो रहा है।

मोदी ने कहा, "कांग्रेस देश की सबसे बेईमान और भ्रष्ट पार्टी है। इसका चरित्र कभी नहीं बदलता। कोई मुख्यमंत्री जमीन घोटाले में शामिल है, तो कोई मंत्री महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार कर रहा है और पार्टी का एक नेता मादक पदार्थों के साथ पकड़ा गया है। पार्टी चुनाव जीतने के लिए बड़ी-बड़ी बातें करती है और सत्ता में आने के बाद लोगों को लूटती है।"

हिमाचल प्रदेश में लगाए गए शौचालय कर का हवाला देते हुए मोदी ने कहा कि कांग्रेस की पहचान "लूट, झूठ और कुशासन" से है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन में ठाणे और मुंबई के लोग आबादी और यातायात की समस्याओं से त्रस्त थे और एक समय ऐसा भी था, जब मुंबई का विकास थम गया था।

उन्होंने कहा, "हमारी सरकार के तहत, 300 किलोमीटर का मेट्रो रेल नेटवर्क, तटीय सड़क, अटल सेतु वास्तविकता बन गए हैं, जिनसे औद्योगिक विकास को बढ़ावा मिलेगा और रोजगार के अवसर पैदा होंगे। महा विकास आघाडी केवल काम को रोकना जानता है। मुंबई मेट्रो 3 लाइन का काम अहंकार के कारण रोक दिया गया और करदाताओं का पैसा बर्बाद हो गया, क्योंकि परियोजना की लागत 14,000 करोड़ रुपये बढ़ गई।"

मोदी ने कहा कि जापान सरकार के सहयोग से मेट्रो लाइन 3 परियोजना संभव हो पाई है, जिसका उन्होंने इस कार्यक्रम में उद्घाटन किया है।

उन्होंने कहा कि यह भारत-जापान मैत्री का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस, शिवसेना (यूबीटी) और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के गठबंधन एमवीए ने मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन और अटल सेतु परियोजनाओं में भी बाधा डाली और राज्य में जलापूर्ति व सिंचाई योजनाओं को रोक दिया।

प्रधानमंत्री ने कहा, "एमवीए विकास का दुश्मन है। लोगों को विपक्षी गठबंधन को सत्ता से मीलों दूर रखना चाहिए। महाराष्ट्र में कांग्रेस अपना असली रंग दिखा रही है। वह राज्य सरकार की लाडकी बहिन योजना का विरोध कर रही है, जिसमें महिलाओं को 1500 रुपये मासिक सहायता के साथ-साथ प्रति वर्ष तीन मुफ्त एलपीजी सिलेंडर वितरित किए जाते हैं।"

प्रधानमंत्री ने कहा कि महिलाओं को कांग्रेस के इरादों के प्रति सचेत रहना चाहिए।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सत्ता में आने पर एकनाथ शिंदे सरकार द्वारा किए गए कामों को रोक देगी और दलालों को पैसा देगी।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस को 'अर्बन नक्सली' चला रहे हैं और वह भारत की प्रगति का विरोध करने वाली ताकतों के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि विपक्षी पार्टी का मिशन लोगों को बांटना और सत्ता हासिल करना है।

उन्होंने कहा कि सत्ता में रहते हुए पार्टी ने महाराष्ट्र और अन्य राज्यों को बर्बाद कर दिया और लोगों को ऐसी घटनाओं से सीख लेनी चाहिए।

शिवसेना (यूबीटी) के प्रमुख उद्धव ठाकरे का नाम लिए बगैर मोदी ने कहा कि राष्ट्रवाद की बात करने वाली पार्टियां अब तुष्टिकरण की राजनीति में व्यस्त हैं।

मोदी ने कहा, "वे वक्फ संशोधन विधेयक का विरोध करते हैं, लेकिन कांग्रेस द्वारा वीर सावरकर का अपमान करने पर चुप रहते हैं। जब कांग्रेस कहती है कि वह जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 को बहाल करेगी, तो ये दल प्रतिक्रिया नहीं देते। अगर कांग्रेस का भूत किसी के शरीर में घुस जाता है, तो सत्ता के कारण उसकी विचारधारा नष्ट हो जाती है।"

प्रधानमंत्री ने कहा कि केवल भाजपा और महायुति ने ही महाराष्ट्र में बुनियादी ढांचे को मजबूत बनाने और विकास को बढ़ावा देने के लिए काम किया है।

राज्य में अगले महीने विधानसभा चुनाव होने की संभावना है। मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल 26 नवंबर को खत्म होगा।

ठाणे में आयोजित कार्यक्रम के दौरान, मोदी ने ठाणे ‘इंटीग्रल रिंग मेट्रो रेल’ परियोजना और ‘एलिवेटेड ईस्टर्न फ्रीवे एक्सटेंशन’ की आधारशिला रखी और मुंबई मेट्रो लाइन-3 के बीकेसी से आरे जोगेश्वरी-विक्रोली लिंक रोड खंड की शुरुआत की।

उन्होंने नवी मुंबई हवाई अड्डा प्रभाव अधिसूचित क्षेत्र (एनएआईएनए) परियोजना और ठाणे नगर निगम के लिए एक नए मुख्यालय परिसर की आधारशिला भी रखी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

IPL 2026 Points Table With Net Run-Rate (NRR): राजस्थान रॉयल्स से जीतकर सातवें पायदान पर पहुंची दिल्ली कैपिटल्स, टॉप तीन पर इन टीमों का कब्जा, देखें अपडेट पॉइंट्स टेबल

DC vs RR, IPL 2026 62nd Match Scorecard: रोमांचक मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने राजस्थान रॉयल्स को 5 विकेट से दी करारी शिकस्त, केएल राहुल और अभिषेक पोरेल ने खेली ताबड़तोड़ अर्धशतकीय पारी; यहां देखें मैच का स्कोरकार्ड

CSK vs SRH, IPL 2026 63rd Match Date And Time: कब और कितने बजे से खेला जाएगा चेन्नई सुपरकिंग्स बनाम सनराइजर्स हैदराबाद के बीच रोमांचक मुकाबला? इस स्टेडियम में भिड़ेंगी दोनों टीमें, यहां जानें वेन्यू समेत मैच से जुड़ी सभी जानकारी

Central Railway: RPF ने चार महीने में 584 बच्चों और जरूरतमंद लोगों को परिवार से मिलाया, 25 यात्रियों की बचाई जान