एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | कांग्रेस हताश, वोट के लिए चला रही ‘झूठ’ और ‘तुष्टीकरण की राजनीति’ का अभियान: भाजपा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस लोकसभा चुनाव में वोट हासिल करने के लिए झूठ, दुष्प्रचार और तुष्टीकरण की राजनीति से लबरेज ‘‘हताशा भरा अभियान’’ चला रही है क्योंकि अतीत में अपने शासन के दौरान बार-बार लोगों के साथ धोखा करने के बाद उसके पास कोई अन्य विकल्प नहीं बचा है।

देश की खबरें | कांग्रेस हताश, वोट के लिए चला रही ‘झूठ’ और ‘तुष्टीकरण की राजनीति’ का अभियान: भाजपा

नयी दिल्ली, दो मई भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस लोकसभा चुनाव में वोट हासिल करने के लिए झूठ, दुष्प्रचार और तुष्टीकरण की राजनीति से लबरेज ‘‘हताशा भरा अभियान’’ चला रही है क्योंकि अतीत में अपने शासन के दौरान बार-बार लोगों के साथ धोखा करने के बाद उसके पास कोई अन्य विकल्प नहीं बचा है।

भाजपा मुख्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पिछले 10 वर्षों में देश को प्रगति के पथ पर अग्रसर किया है और संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) के शासन के दौरान ‘‘कमजोर पांच अर्थव्यवस्थाओं’’ में शुमार रहे भारत को अपने नेतृत्व में दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बना दिया है।

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘जिस कांग्रेस को लोगों ने सेवा करने के लिए कई मौके दिए, उसने बार-बार उनके भरोसे को धोखा दिया और आज उसके पास झूठ, दुष्प्रचार तथा तुष्टीकरण की राजनीति का अभियान चलाने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है।’’

चंद्रशेखर ने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा का प्रचार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रदर्शन पर आधारित है जबकि कांग्रेस संप्रग के दस साल के शासन पर कुछ नहीं बोल रही है लेकिन अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग को आरक्षण सहित विभिन्न मुद्दों पर झूठ फैला रही है।

भाजपा नेता ने कांग्रेस के इस दावे को झूठा प्रचार बताते हुए खारिज किया कि भाजपा संसदीय चुनाव में 400 से अधिक सीट इसलिए चाहती है क्योंकि वह संविधान को बदलना चाहती है और एससी, एसटी तथा ओबीसी को आरक्षण प्रदान करने के लिए बनाए गए प्रावधानों को समाप्त करना चाहती है।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ‘झूठी कहानी’ गढ़ने का प्रयास कर रही है और हर पादरी, ईसाइयों तथ मुसलमानों के पास जाकर यह ‘झूठ’ फैला रही है।

भाजपा नेता ने कहा, ‘‘हम आरक्षण की रक्षा करते हैं। वे धर्म आधारित आरक्षण देना चाहते हैं, जिसके पूरी तरह भाजपा खिलाफ है। लोग भाजपा नीत राजग और कांग्रेस के बीच इस बुनियादी अंतर से अवगत हैं।’’

चंद्रशेखर ने कांग्रेस के ‘धन के पुनर्वितरण’ संबंधी कथित चुनावी वादे को लेकर भी निशाना साधा और कहा, ‘‘ऐसे समय में जब हम युवाओं को सशक्त बनाने और उन्हें उनके लक्ष्यों को प्राप्त करने में सक्षम बनाने के लिए नीतियां बना रहे हैं, कांग्रेस धन के पुनर्वितरण की मार्क्सवादी आर्थिक नीति लेकर आई है।’’

संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद जफर इस्लाम ने पिछले 10 वर्षों की मोदी सरकार की उपलब्धियों को रेखांकित किया और राजग शासन के दौरान असमानता बढ़ने के कांग्रेस के दावे पर उस पर निशाना साधा।

उन्होंने कहा, ‘‘भारतीय अर्थव्यवस्था तेज गति से आगे बढ़ रही है। कांग्रेस और उसके अर्थशास्त्री समानता एवं असमानता की बात करते हैं, जबकि हकीकत में असमानता आज देश में सबसे कम है।’’

भाजपा नेता ने कहा, ‘‘संप्रग शासन के दौरान मुद्रास्फीति दहाई अंक में थी लेकिन आज यह सबसे निचले स्तर 3.2 प्रतिशत पर है। प्रधानमंत्री मोदी ने पिछले 10 साल में महंगाई को काबू में रखा और इसे बढ़ने नहीं दिया।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 02, 2024 05:50 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).