अहमदाबाद, 27 नवंबर लोकसभा चुनाव से पहले जमीनी स्तर पर कांग्रेस को मजबूत करने की कोशिश के तहत पार्टी की गुजरात इकाई ने यहां पार्टी महासचिव एवं प्रदेश के पार्टी मामलों के प्रभारी मुकुल वासनिक के नेतृत्व में अपने तालुकों और निगम समितियों के अध्यक्षों की एक बैठक की।
पार्टी सूत्रों ने बताया कि रविवार को संविधान दिवस पर हुई इस बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने तालुका, शहर और जिला स्तर के नेताओं का चुनाव की तैयारी करने तथा पार्टी संगठन को मजबूत करने के सिलसिले में मार्गदर्शन किया।
वासनिक रविवार को एक दिन की यात्रा पर अहमदाबाद में थे।
इस बैठक में वासनिक के अलावा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य शक्तिसिंह गोहिल, अकादमिक विद्वान राम पुनियानी और अन्य प्रदेश नेताओं ने करीब 400 पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
वासनिक ने ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट किया, ‘‘संविधान दिवस के अवसर पर मुझे अहमदाबाद में प्रदेश कांग्रेस समिति द्वारा आयोजित संवाद बैठक में शामिल होने तथा श्री पुनियानी जी के विचारों को सुनने का अवसर मिला। इस बैठक में शक्तिसिंह गोहिल, अमित चावड़ा जी तथा जिला, तालुका कांग्रेस समितियों के अध्यक्ष भी मौजूद थे।’’
अपने संबोधन में वासनिक ने स्वतंत्रता संग्राम को याद किया और कहा कि भारत की आजादी एवं भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का अन्योनाश्रय संबंध है।
उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी, राहुल गांधी, और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के नेतृत्व द्वारा पार्टी का मार्गदर्शन किया जाता है लेकिन तालुका और शहर स्तर पर नेतृत्व उसे दिशा के लिए समान रूप से महत्वपूर्ण है।
पार्टी के बयान के अनुसार गोहिल ने कहा कि पार्टी की तालुका और निगम समितियों को कांग्रेस को मजबूत करने के लिए सक्रिय होना होगा।
उन्होंने कहा, ‘‘यह अभियान सत्ता हथियाने के लिए नहीं बल्कि कांग्रेस की सेवा में विभिन्न क्षेत्रों के लोगों को एकजुट करने के लिए है। ऐसे वक्त में जब सत्ता में ऐसे लोग बैठे हैं जो संविधान को समुद्र में फेंक देना चाहते हैं, तब कांग्रेस कार्यकर्ता के तौर पर संविधान को बचाना हमारा दायित्व है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY