PM Modi on Congress: कांग्रेस के पास एक ही एजेंडा 'मोदी विरोध- प्रधानमंत्री मोदी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधते हुए शुक्रवार को कहा कि वह न तो भविष्य को भांप सकती है और न ही भविष्य के लिए उसके पास कोई कार्ययोजना है.
जयपुर, 16 फरवरी : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधते हुए शुक्रवार को कहा कि वह न तो भविष्य को भांप सकती है और न ही भविष्य के लिए उसके पास कोई कार्ययोजना है. मोदी ने कहा कि कांग्रेस के पास एक ही एजेंडा ‘मोदी विरोध’ है और आज हर कोई कांग्रेस का साथ छोड़ रहा है क्योंकि वहां सिर्फ एक परिवार ही दिखता है. मोदी ने 'विकसित भारत-विकसित राजस्थान’ कार्यक्रम को वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए संबोधित किया. इस अवसर पर उन्होंने कहा, “कांग्रेस के पास एक ही एजेंडा है, मोदी विरोध, घोर मोदी विरोध. मोदी विरोध में ये ऐसी-ऐसी बातें फैलाते हैं, जिससे समाज बंट जाए. जब कोई पार्टी परिवारवाद के, वंशवाद के घोर कुचक्र में फंस जाती है, तो उसके साथ ऐसा ही होता है.” उन्होंने कहा, “आज हर कोई कांग्रेस का साथ छोड़ रहा है...सिर्फ एक परिवार ही वहां दिखता है. ऐसी राजनीति युवा भारत को बिलकुल प्रेरित नहीं करती.”
मोदी ने कहा, “कांग्रेस के साथ एक बहुत बड़ी समस्या यह है कि वह दूरगामी सोच के साथ सकारात्मक नीतियां नहीं बना सकती. कांग्रेस न भविष्य को भांप सकती है और न ही भविष्य के लिए उसके पास कोई रोडमैप है.” उन्होंने कहा कि कांग्रेस की इसी सोच की वजह से भारत अपनी बिजली व्यवस्था को लेकर बदनाम रहता था. उन्होंने कहा, “विकसित भारत बनाने के लिए हम देश के चार वर्गों को मजबूत बनाने में जुटे हैं. यह हैं युवा, महिला, किसान व गरीब. हमारे लिए यही चार सबसे बड़ी जातियां हैं.” प्रधानमंत्री ने कहा, “मुझे खुशी है कि इन वर्गों के सशक्तीकरण के लिए मोदी ने जो गारंटी दी थी उन्हें ‘डबल इंजन’ सरकार पूरा कर रही है. अपने पहले बजट में ही राजस्थान की भाजपा सरकार ने युवाओं के लिए 70,000 भर्तियां निकाली हैं.” यह भी पढ़ें : School Fees Increased in Hyderabad: हैदराबाद के स्कूल में LKG के लिए 3.7 लाख रुपए फीस, परिजनों ने जताई चिंता
राजस्थान के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की हार की ओर इशारा करते हुए मोदी ने कहा, “जब मोदी आपको दी गई ऐसी गारंटियां पूरी करता है तो कुछ लोगों की नींद उड़ जाती है. आप कांग्रेस की स्थिति देख रहे हैं. आपने हाल ही में कांग्रेस को सबक सिखाया है. लेकिन ये मानते ही नहीं. आज भी इनका एक ही एजेंडा है. मोदी को गाली दो. जो भी मोदी को जितनी ज्यादा गाली दे सकता है उसे कांग्रेस उतना ही जोर से गले लगाती है. ये विकसित भारत का नाम तक नहीं लेते क्योंकि मोदी इसके लिए काम कर रहा है.” प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि विकसित भारत के लिए विकसित राजस्थान का निर्माण बहुत जरूरी है.
उन्होंने कहा कि राजस्थान की ‘डबल इंजन’ सरकार ने तेजी से काम करना शुरू कर दिया है. आज राजस्थान के विकास के लिए करीब 17,000 करोड़ रुपए के परियोजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण हुआ है. ये परियोजनाएं रेल, सड़क, सौर उर्जा व पानी जैसे विकास कार्यक्रमों से जुड़ी हैं. ये परियोजनाएं राजस्थान के हजारों युवाओं को रोजगार देने वाली हैं. मोदी ने कहा, “मैंने लाल किले से कहा था कि यही समय है सही समय है. आजादी के बाद आज भारत के पास स्वर्णिम काल खंड आया है. भारत के पास वह अवसर आया है जब वह दस साल पहले निराशा को छोड़कर पूरे आत्मविश्वास से आगे बढ़ रहा है.” उन्होंने कहा कि 2014 से पहले पूरे देश में होने वाले बड़े-बड़े घोटालों की चर्चा ही रहती थी. प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘तब आए दिन होने वाले बम धमाकों की चर्चा होती थी और देश के लोग सोचते थे कि हमारा, देश का क्या होगा?... कांग्रेस के राज में चारों तरफ तब यही माहौल था.’’
मोदी ने कहा, “और आज हम विकसित भारत की, विकसित राजस्थान की बात कर रहे हैं. आज हम बड़े सपने देख रहे हैं, बड़े संकल्प ले रहे हैं. और उन्हें पाने के लिए तन मन से जुटे हैं.” उन्होंने कहा, “जब मैं विकसित भारत की बात करता हूं तो ये केवल शब्द भर नहीं है. ये केवल भाव भर नहीं हैं. ये हर परिवार का जीवन समृद्ध बनाने का अभियान है. यह गरीबी को जड़ से मिटाने का अभियान है. ये युवाओं के लिए अच्छे रोजगार बनाने का अभियान है. यह देश में आधुनिक सुविधाएं बनाने का अभियान है.” मोदी ने कहा कि विकसित भारत के लिए विकसित राजस्थान का निर्माण बहुत जरूरी है. विकसित राजस्थान के लिए रेल, सड़क, बिजली, पानी जैसी महत्वपूर्ण सुविधाओं का तेज विकास होना जरूरी है. उन्होंने कहा कि जब ये सुविधाएं बनेंगी तब किसान, पशुपालक को लाभ होगा, राजस्थान में उद्योग आएंगे, कारखाने लगेंगे, अधिक निवेश आएगा. अधिकारियों के अनुसार यह कार्यक्रम राजस्थान के सभी 200 विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित किया गया. मुख्य कार्यक्रम जयपुर में हुआ जहां मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी शामिल हुए.
(The above story first appeared on LatestLY on Feb 16, 2024 01:02 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

