देश की खबरें | केरल में वाम सरकार की वर्षगांठ पर कांग्रेस ने सचिवालय का किया घेराव
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) सरकार की दूसरी वर्षगांठ के मौके पर केरल में आयोजित राज्यव्यापी कार्यक्रमों के बीच कांग्रेस नीत संयुक्त लोकतांत्रित मोर्चा (यूडीएफ) ने कथित कुशासन और वामपंथी व्यवस्था में भ्रष्टाचार के खिलाफ शनिवार को सचिवालय का घेराव किया।
तिरुवनंतपुरम, 20 मई वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) सरकार की दूसरी वर्षगांठ के मौके पर केरल में आयोजित राज्यव्यापी कार्यक्रमों के बीच कांग्रेस नीत संयुक्त लोकतांत्रित मोर्चा (यूडीएफ) ने कथित कुशासन और वामपंथी व्यवस्था में भ्रष्टाचार के खिलाफ शनिवार को सचिवालय का घेराव किया।
विभिन्न जिलों की महिलाओं सहित सैकड़ों यूडीएफ कार्यकर्ता राज्य की राजधानी पहुंचे और शहर के मध्य में स्थित सचिवालय परिसर का घेराव किया।
यूडीएफ के वरिष्ठ नेताओं तथा विधायकों ने घेराबंदी का नेतृत्व किया और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ विरोध में हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के नेतृत्व वाली सरकार को अब और सत्ता में बने रहने का अधिकार नहीं है।
केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रमुख के. सुधाकरण, राज्य विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष वी. डी. सतीशन, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रमेश चेन्निथला, यूडीएफ संयोजक एम. एम. हासन और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) के नेता पी. के. कुन्हालीकुट्टी भी विरोध-प्रदर्शन में शामिल हुए।
उन्होंने आरोप लगाया कि वामपंथी सरकार को वर्षगांठ मनाने का कोई अधिकार नहीं है क्योंकि उसने केरल के लोगों को केवल दुख दिया है।
इस घेराबंदी के दौरान यूडीएफ ने केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन सरकार की ‘‘भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद तथा जन-विरोधी नीतियों’’ के कई मामलों का जिक्र करते हुए एक आरोपपत्र भी प्रस्तुत किया।
इस बीच, धरना स्थल से प्रशासनिक क्षेत्र में सरकारी कर्मचारियों के प्रवेश को लेकर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हुई मामूली झड़प के कारण सचिवालय परिसर में कुछ देर के लिए तनाव व्याप्त हो गया।
कांग्रेस के अलावा, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं ने भी वामपंथी सरकार के तहत कुशासन तथा भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए सचिवालय के सामने विरोध-प्रदर्शन किया।
निहारिका शफीक
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)