देश की खबरें | कांग्रेस ने असम में नुपुर शर्मा और नवीन जिंदल के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस ने पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ कथित विवादास्पद टिप्पणी करने को लेकर भारतीय जनता पार्टी की निलंबित प्रवक्ता नुपुर शर्मा और नवीन जिंदल के खिलाफ गुवाहाटी के एक पुलिस थाने में शुक्रवार को एक शिकायत दर्ज कराई।

गुवाहाटी, 10 जून कांग्रेस ने पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ कथित विवादास्पद टिप्पणी करने को लेकर भारतीय जनता पार्टी की निलंबित प्रवक्ता नुपुर शर्मा और नवीन जिंदल के खिलाफ गुवाहाटी के एक पुलिस थाने में शुक्रवार को एक शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने बताया कि वे विषय की तहकीकात कर रहे हैं और भंगागढ़ पुलिस थाने में दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया जाना अभी बाकी है।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, ‘‘हमें उक्त व्यक्तियों द्वारा की गई टिप्पणियों के सिलसिले में शिकायत मिली है। हमारे द्वारा एक मामला दर्ज किया जाना अभी बाकी है और यह अब भी जांच के चरण में है। ’’

शर्मा ने ज्ञानवापी विवाद पर टेलीविजन पर एक बहस के दौरान कथित तौर पर आपत्तिजनक बयान दिया था और जिंदल ने अपने ट्विटर हैंडल पर कथित तौर पर एक अपमानजनक टिप्पणी की थी। भाजपा ने दोनों नेताओं को निलंबित कर दिया है।

असम की कांग्रेस इकाई के वरिष्ठ प्रवक्ता रोमेन चंद्र बोरठाकुर ने अपनी पार्टी की ओर से शिकायत दर्ज कराई।

उन्होंने आरोप लगाया कि शर्मा और जिंदल के बयानों से भारत की छवि धूमिल हुई है तथा सदियों पुरानी एकता एवं अखंडता प्रभावित हुई है।

उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि भारत को अंतरराष्ट्रीय दबाव के आगे नहीं झुकना चाहिए और दोनों नेताओं के बयानों को लेकर माफी नहीं मांगनी चाहिए क्योंकि उनकी टिप्पणी देश का आधिकारिक रुख नहीं है।

उल्लेखनीय है कि असम जातीय परिषद के एक नेता दुलु अहमद ने मंगलवार को गुवाहाटी के इसी पुलिस थाने में शर्मा, जिंदल और एआईएमआईएम नेता अकबरूद्दीन ओवैसी के खिलाफ एक शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस द्वारा अहमद की शिकायत पर भी मामला दर्ज किया जाना अभी बाकी है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\