ताजा खबरें | कांग्रेस ने वैज्ञानिक समुदाय के साथ अन्याय किया: वाईएसआर नेता रेड्डी

नयी दिल्ली, 20 सितंबर राज्‍यसभा में बुधवार को वाईएसआर कांग्रेस पार्टी के सदस्य वी विजय साई रेड्डी ने कांग्रेस पर तीखा हमला किया और आरोप लगाया कि उसने अपने शासनकाल में वैज्ञानिक समुदाय के साथ अन्याय किया।

‘भारत की गौरवशाली अंतरिक्ष यात्रा और चंद्रयान-3 की सफल सॉफ्ट लैंडिंग’ विषय पर राज्यसभा में चर्चा में भाग लेते हुए रेड्डी ने कहा कि देश में 1960 के दशक में अंतरिक्ष अनुसंधान भले ही शुरू हो गया था लेकिन उसे पर्याप्त संसाधन नहीं दिए गए।

उन्होंने कहा कि अगर भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) को पर्याप्त संसाधन मुहैया कराए गए होते तो वह कई और उपलब्धियां हासिल करता।

रेड्डी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी की विभिन्न सरकारों ने वैज्ञानिक समुदाय के साथ अन्याय किया है। उन्होंने इसरो के पूर्व वैज्ञानिक नंबी नारायणन से जुड़े मामले का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें फर्जी मामले में द्वारा फंसाया गया। उन्होंने कहा कि उस समय केंद्र और केरल में कांग्रेस की सरकारें थीं जब नंबी नारायणन को फंसाया गया था।

रेड्डी ने दावा किया कि बिना किसी सबूत के नारायणन को 50 दिनों तक जेल में रखा गया और उन्हें प्रताड़ित किया गया। उन्होंने कहा कि अंतत: उच्चतम न्यायालय से न्याय मिला और न्यायालय ने वैज्ञानिक को फंसाने वाले अधिकारियों के खिलाफ जांच का आदेश दिया।

उन्होंने आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू पर भी निशाना साधा। विभिन्न विपक्षी दलों के सदस्यों की टोकाटोकी के बीच रेड्डी ने विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ पर पर कुछ आरोप भी लगाए। इस वजह से सदन में कुछ देर शोर-शराबा भी हुआ।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)