देश की खबरें | कांग्रेस ने की श्रीनगर में बाढ़ से बचाव के लिए झेलम नदी, डल, वुलर झीलों से गाद निकालने की मांग

श्रीनगर, चार जुलाई कांग्रेस ने मंगलवार को कहा कि श्रीनगर में बाढ़ आने से रोकने के लिए जम्मू कश्मीर प्रशासन को झेलम नदी के साथ-साथ डल और वुलर झीलों से गाद निकालने का काम तुरंत शुरू करना चाहिए।

वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री गुलाम अहमद मीर ने प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि इन जल निकायों की गाद निकालने की परियोजना तुरंत शुरू नहीं की गई, तो श्रीनगर के लोगों को "2014 की तरह भारी नुकसान उठाना पड़ेगा" जब बाढ़ ने शहर में कहर बरपाया था।

जम्मू कश्मीर में सितंबर, 2014 में बाढ़ से करीब 300 लोगों की मौत हुई थी और 25 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

जम्मू कश्मीर प्रदेश कांग्रेस समिति (जेकेपीसीसी) के पूर्व अध्यक्ष मीर ने कहा कि झेलम नदी और डल तथा वुलर झीलों में भारी गाद है, ''लेकिन स्थानीय प्रशासन दिखावे में व्यस्त है, उसे इसके बारे में कोई चिंता नहीं है।''

मीर ने कहा कि पिछले कांग्रेस शासनकाल में ही गाद निकालने का काम किया गया था और उस वक्त से कश्मीर के लोगों को बाढ़ की तबाही से बचाने के लिए कोई व्यावहारिक कार्य नहीं किया गया है।

उन्होंने कहा, ''कश्मीर में, खासतौर से श्रीनगर में कुछ घंटों की बारिश से ही बाढ़ जैसी स्थिति बन जाएगी।''

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)