देश की खबरें | अथाह संपत्ति के आधार पर चुना गया कांग्रेस का मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार : शिवराज सिंह चौहान

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस कमलनाथ को राज्य में मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार के तौर पर उनकी ‘‘अथाह दौलत’’ के आधार पर चुनती है। उन्होंने दावा किया कि यहां तक कि कांग्रेस के नेता भी इस विचार का समर्थन करते हैं।

भोपाल, 15 अप्रैल मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस कमलनाथ को राज्य में मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार के तौर पर उनकी ‘‘अथाह दौलत’’ के आधार पर चुनती है। उन्होंने दावा किया कि यहां तक कि कांग्रेस के नेता भी इस विचार का समर्थन करते हैं।

मुख्यमंत्री के बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कमलनाथ ने उन्हें(मुख्यमंत्री चौहान) चुनौती दी कि अगर किसी भी कंपनी या उद्योग में उनका नाम है तो बताएं।

मुख्यमंत्री चौहान ने प्रदेश कांग्रेस के प्रमुख कमलनाथ का नाम लिए बिना कहा था, ‘‘ उनके पास हवाई जवाह, हेलीकॉप्टर, कार, संपत्ति, दौलत हैं इसलिए वह कांग्रेस के नेता और उनके मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार हैं.... लेकिन हमारे पास जनता है (हमारी तरफ)।’’

चौहान ने दावा किया कि यहां तक कि कांग्रेस नेता भी कहते हैं कि वह नेता हैं क्योंकि उनके पास ‘‘ अथाह संपत्ति ’’ है।

चौहान ने कहा, ‘‘ अगर कांग्रेस का नेता धन और संसाधनों के आधार पर तय किया जाता है तो उन्हें रहने दीजिए.... लेकिन लोकतंत्र में नेता के लिए यह पैमाना नहीं हो सकता।’’

मुख्यमंत्री की टिप्पणी के बारे में पूछे जाने पर कमलनाथ ने कहा, ‘‘ उनको कुछ नहीं सूझा तो कहते हैं वो (कमलनाथ) उद्योगपति हैं। मुझे बता दें, आप उनसे पूछिये, कौन सा उद्योग मेरा है? कौन सी कंपनी मेरी है? कौन सा व्यापार मेरा है? इसका जवाब दें, आपको।’’

कांग्रेस नेता ने कहा कि ‘‘चौहान बिना झूठ बोले अपना खाना नहीं पचा सकते।’’

इससे पहले एक अखबार की खबर में कांग्रेस के राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा के हवाले से कमलनाथ को आर्थिक रूप से सक्षम व्यक्ति के तौर पर वर्णित करते हुए राजनीति में आवश्यक बताया था।

हालांकि तन्खा ने शनिवार को कहा कि अखबार ने उनके बयान को गलत तरीके से पेश किया।

तन्खा ने ट्वीट किया, ‘‘ शिवराज चौहान जी, अखबार ने मेरे बयान को गलत तरीके से पेश किया। कमलनाथ जी सबसे अनुभवी और काबिल व्यक्ति हैं। यह सच है। निस्संदेह आप इन 20 वर्षों में भाजपा (भारतीय जनता पार्टी) के सबसे काबिल व्यक्ति बन गए हैं। आपके सक्रिय योगदान और जनादेश के विपरीत आज भाजपा सत्ता में बैठी है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now