देश की खबरें | कांग्रेस ने गुजरात में स्थानीय चुनाव के लिए अभियान शुरू किया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. गुजरात में स्थानीय निकायों के चुनाव से पहले कांग्रेस ने छह नगर निगमों के मतदाताओं से संपर्क करने के लिए मंगलवार को एक अभियान शुरू किया। इन निगमों में भाजपा का शासन है।
अहमदाबाद, पांच जनवरी गुजरात में स्थानीय निकायों के चुनाव से पहले कांग्रेस ने छह नगर निगमों के मतदाताओं से संपर्क करने के लिए मंगलवार को एक अभियान शुरू किया। इन निगमों में भाजपा का शासन है।
पार्टी नेताओं ने पत्रकारों को बताया कि "हैलो" अभियान के तहत अहमदाबाद, भावनगर, जामनगर, राजकोट, सूरत और वडोडरा के निवासी एक नंबर पर फोन करके या व्हाट्सऐप पर संदेश भेजकर अपनी शिकायत बता सकते हैं।
गुजरात प्रदेश कांग्रेस के प्रमुख अमित चावड़ा ने बताया, " यह अभियान उन छह नगर निगम क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए है जहां पर भाजपा कई कार्यकालों से शासन में है लेकिन वह बुनियादी नागरिक मुद्दों का हल करने में नाकाम रही है।"
उन्होंने कहा, " हम इन छह शहरी केंद्रों में रहने वाले लोगों की परेशानियों और मुद्दों को सुनेंगे तथा उन्हें आगे लेकर जाएंगे।"
चावड़ा ने बताया कि इस तरह का अभियान ग्रामीण क्षेत्रों और नगरपालिका क्षेत्रों में भी शुरू किया जाएगा। साथ ही साथ दो अन्य नगर निगमों में भी ऐसा ही अभियान शुरू किया जाएगा।
अन्य नेताओं ने बताया कि इस अभियान के दौरान नागरिकों से मिली प्रतिपुष्टि (फीडबैक) का इस्तेमाल स्थानीय निकाय चुनावों के लिए कांग्रेस का चुनाव घोषणा पत्र बनाने के लिए किया जाएगा।
अभियान के तहत मिनी बसों को गुजरात के लिए पार्टी मामलों के प्रभारी राजीव सातव और विधानसभा में विपक्ष के नेता परेश धनानी समेत वरिष्ठ नेता रवाना करेंगे।
छह नगर निगमों, 55 नगरपालिकाओं, 31 जिला पंचायतों और 231 तालुका पंचायतों के लिए चुनाव नवंबर 2020 में होना था, लेकिन कोरोना वायरस महामारी के कारण इन्हें तीन महीने के लिए टाल दिया गया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)