एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | कांग्रेस ने महाराष्ट्र के लिए 23 और उम्मीदवार घोषित किए, सुनील केदार की पत्नी को टिकट

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए शनिवार को 23 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की, जिसमें जालना से मौजूदा विधायक कैलाश गोरंट्याल और पार्टी नेता सुनील केदार की पत्नी अनुजा के नाम प्रमुख हैं।

देश की खबरें | कांग्रेस ने महाराष्ट्र के लिए 23 और उम्मीदवार घोषित किए, सुनील केदार की पत्नी को टिकट

नयी दिल्ली, 25 अक्टूबर कांग्रेस ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए शनिवार को 23 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की, जिसमें जालना से मौजूदा विधायक कैलाश गोरंट्याल और पार्टी नेता सुनील केदार की पत्नी अनुजा के नाम प्रमुख हैं।

कांग्रेस ने अपनी पहली सूची में 48 उम्मीदवारों की घोषणा की थी। इस सूची के साथ कांग्रेस अब तक 71 उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है।

पार्टी ने वरिष्ठ नेता सुनील केदार की पत्नी अनुजा को मैदान में उतारा है। केदार को नागपुर जिला केंद्रीय सहकारी बैंक (एनडीसीसीबी) घोटाले में दोषी ठहराए जाने के बाद छह साल के लिए चुनाव लड़ने से अयोग्य घोषित कर दिया गया है।

वह नागपुर जिले की सावनेर सीट से चुनाव लड़ेंगी।

विपक्षी दल ने जालना से विधायक कैलाश गोरंट्याल को बरकरार रखा है।

पार्टी ने अपने उम्मीदवारों की पहली सूची में 25 मौजूदा विधायकों को बरकरार रखा था।

पार्टी के वरिष्ठ नेता और विधानसभा के पूर्व उपाध्यक्ष वसंत पुरके को रालेगांव (यवतमाल) से फिर से मैदान में उतारा गया है।

मुंबई में पार्टी ने कांदिवली पूर्व सीट से कालू बधेलिया, सायन कोलीवाड़ा से गणेश यादव और चारकोप से यशवंत सिंह की उम्मीदवारी की घोषणा की है।

कैम्पटी (नागपुर) में सुरेश भोयर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष चन्द्रशेखर बावनकुले से मुकाबला करेंगे, जबकि वर्धा में पार्टी ने पूर्व विधानसभा अध्यक्ष दिवंगत प्रमोद शेंडे के बेटे शेखर शेंडे को मैदान में उतारा है।

वसई से विजय गोविंद पाटिल और श्रीरामपुर से हेमंत ओगले को उम्मीदवार बनाया गया है।

कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) की बैठक के एक दिन बाद उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की गई।

कांग्रेस के महाराष्ट्र प्रभारी रमेश चेन्निथला ने सीईसी की बैठक के बाद शुक्रवार को कहा था कि महाराष्ट्र में महा विकास आघाडी (एमवीए) एकजुट है और सीटों के तालमेल को शनिवार शाम तक अंतिम रूप दे दिया जाएगा।

पार्टी उम्मीदवारों की तीसरी सूची बहुत जल्द जारी होने की संभावना है।

इससे पहले कांग्रेस पार्टी ने बृहस्पतिवार को महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव को लेकर 48 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी।

पहली सूची में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले, पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष विजय वडेट्टिवार और कई अन्य वरिष्ठ नेताओं के नाम शामिल थे।

कई दिनों के गतिरोध के बाद महा विकास आघाडी ने बुधवार को 288 सदस्यीय राज्य विधानसभा चुनाव के लिये सीट बंटवारे को लेकर फॉर्मूले की घोषणा की थी।

इसके तहत शिवसेना (यूबीटी), कांग्रेस और एनसीपी (एसपी) के 85-85 सीट पर चुनाव लड़ने की घोषणा की गई थी।

महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान 20 नवंबर को होगा, जबकि मतों की गिनती 23 नवंबर को होगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Oct 26, 2024 03:34 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).