लुधियाना, 25 मई पंजाब के लुधियाना में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पिछले 10 वर्षों के ‘‘अतुलनीय विकास" और करतारपुर गलियारे के उद्घाटन का उल्लेख करते हुए शनिवार को राज्य के लोगों से लोकसभा चुनाव में भाजपा को वोट देकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को तीसरी बार चुनने की अपील की।
धामी ने लुधियाना में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा, "आज पूरी दुनिया भारत की ओर देख रही है और यह सब प्रधानमंत्री मोदी के अथक प्रयासों से ही संभव हो पाया है।"
कांग्रेस पर हमला करते हुए धामी ने कहा कि उसने इतने सालों तक देश पर शासन किया लेकिन उसने पंजाब के लोगों के बारे में कभी नहीं सोचा।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) दोनों दिल्ली और हरियाणा में एक साथ चुनाव लड़ रहे हैं लेकिन पंजाब में वे अलग-अलग चुनाव लड़कर पंजाब के लोगों को धोखा देने की कोशिश कर रहे हैं।
धामी ने कहा कि अब पंजाब और देश की जनता समझ चुकी है कि अगर देश का भविष्य उज्ज्वल बनाना है तो भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को दोबारा सत्ता में लाना होगा और मोदी को तीसरी बार देश का प्रधानमंत्री बनाना होगा।
धामी ने रेखांकित किया कि मोदी सरकार ने करतारपुर गलियारा खोलने का वादा भी पूरा किया।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने दसवें सिख गुरु गुरु गोबिंद सिंह के पुत्रों के शहीदी दिवस को चिह्नित करने के लिए 'वीर बाल दिवस' की भी घोषणा की।
पंजाब की 13 लोकसभा सीटों पर लोकसभा चुनाव के आखिरी चरण में एक जून को मतदान होगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY