देश की खबरें | कांग्रेस ने आप विधायक पर एनआरआई का मकान हड़पने का आरोप लगाया, विधायक ने खारिज किया

चंडीगढ़, 16 जून कांग्रेस नेता प्रताप सिंह बाजवा ने शुक्रवार को आम आदमी पार्टी विधायक सर्वजीत कौर मानुके पर जगरांव में एक प्रवासी भारतीय के मकान को हड़पने का आरोप लगाया, जिसे विधायक ने खारिज कर दिया।

बाजवा ने विधायक सुखपाल सिंह खैरा की मौजूदगी में कहा कि कनाडा निवासी 76 वर्षीय अमरजीत कौर ने लुधियाना पुलिस में शिकायत दर्ज कर आरोप लगाया है कि मानुके ने जगरांव में उनके घर पर अवैध तरीके से कब्जा कर लिया है।

बाजवा ने कहा कि शिकायत के अनुसार मानुके ने कथित रूप से घर को हड़प लिया है और यह स्पष्ट रूप से भ्रष्टाचार तथा पद के दुरुपयोग का मामला है।

विधायक खैरा ने आरोप लगाया, ‘‘सभी को पता है कि आप दिल्ली से ‘रिमोट कंट्रोल’ से पंजाब चला रही है, लेकिन राज्य के मुख्यमंत्री के रूप में भगवंत मान को दागी नेता के खिलाफ कार्रवाई का आदेश देना चाहिए।’’

कांग्रेस नेताओं ने इस मामले में सीबीआई जांच की मांग की।

जगरांव से विधायक मानुके ने आरोपों को खारिज करते हुए दावा किया, ‘‘मैं छह साल से अधिक समय से विधायक हूं लेकिन मेरे पति और मेरे पास कोई संपत्ति नहीं है। हम कई साल से किराये के घर में रह रहे हैं। यह घर भी किराये पर था। हमारे पास रेंट एग्रीमेंट है और हमने हर महीने इसका किराया अदा किया।’’

उन्होंने एक बयान में कहा, ‘‘जब मुझे एनआरआई मालिक के घर को छोड़ने को कहा तो मैंने नया घर तलाशने और शिफ्ट होने के लिए डेढ़ महीने का वक्त मांगा, लेकिन उन्हें जल्दी थी।’’

मानुके ने कहा कि जब विवाद हुआ तो मैंने घर छोड़ दिया।

उन्होंने कहा, ‘‘कुछ दिन पहले ही मैंने जगरांव की रॉयल कॉलोनी में किराये पर नया घर लिया है जहां हम शिफ्ट हो चुके हैं। मैंने घर की चाबियां मालिक को लौटा भी दी हैं।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)