कोविड-19 से परिजन की मौत के बाद परिवार के नौ सदस्यों में संक्रमण की पुष्टि
अधिकारियों के अनुसार परिजन की मौत के बाद जब शव परिवार वालों को सौंपा गया तब उन्होंने उससे प्लास्टिक को हटाकर अंतिम संस्कार किया। जबकि यह चिकित्सा प्रशासन के नियमों का उल्लंघन था।
ठाणे, 15 मई महाराष्ट्र के ठाणे जिले के उल्हासनगर कस्बे के एक परिवार के नौ सदस्यों में शुक्रवार को कोविड-19 संक्रमण की पुष्टि हुई है। एक सप्ताह पहले परिवार के एक सदस्य की मृत्यु के बाद सभी की लार के नमूने लिए गये थे जिनकी जांच में संक्रमण की पुष्टि हुई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार परिजन की मौत के बाद जब शव परिवार वालों को सौंपा गया तब उन्होंने उससे प्लास्टिक को हटाकर अंतिम संस्कार किया। जबकि यह चिकित्सा प्रशासन के नियमों का उल्लंघन था।
उल्हासनगर नगर निगम के प्रवक्ता युवराज बडाने ने कहा, 'आठ मई को इस परिवार के एक 50 वर्षीय सदस्य की मृत्यु हो गई थी। पीड़ित के परिवार के सदस्यों ने अस्पताल से कहा था कि वे दाह संस्कार के दौरान सभी दिशानिर्देशों का सख्ती से पालन करेंगे, जिसके बाद प्लास्टिक की चादर में लिपटे शव को उन्हें सौंप दिया गया। '
शव को घर ले जाने के बाद परिवार के सदस्यों ने प्लास्टिक हटा कर शव का स्नान कराने जैसे अंत्येष्टि संबंधी कार्य किए।
उन्होंने बताया, “अंतिम संस्कार में लगभग 70 लोगों ने हिस्सा लिया था।”
इसकी जानकारी के बाद अधिकारियों ने इन सभी का पता लगाया है।
उन्होंने कहा कि उन सभी की जांच की गई। शुक्रवार को मृतक के परिवार के नौ सदस्यों में कोविड-19 की पुष्टि हुई। उन्हें पृथक कर उनका इलाज किया जा रहा है।
नागरिक अधिकारियों ने कहा कि संपर्क में आने वाले बाकी लोगों को भी पृथक-वास में भेज दिया गया है।
एक अधिकारी ने कहा कि नियमों के उल्लंघन को लेकर परिजनों के खिलाफ मामला दर्ज करने की प्रक्रिया भी जारी है।
अधिकारियों ने कहा कि अब तक इस परिवार के 10 लोगों सहित उल्हासनगर में 89 लोग संक्रमित पाए गए हैं जिसमें से चार लोगों की मौत हो चुकी है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 15, 2020 08:36 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

