देश की खबरें | असम में सरकारी विद्यालयों की स्थिति में हुआ सुधार : रिपोर्ट

गुवाहाटी, 25 अप्रैल असम में एक राज्यव्यापी कवायद के दौरान किए गए आकलन के मुताबिक सरकारी स्कूलों ने इस वर्ष 2022 की तुलना में सुधार दिखाया है। एक रिपोर्ट में कहा गया है कि उच्चतम ए-प्लस ग्रेड की श्रेणी में रखे गए स्कूलों की संख्या बढ़ रही है और निम्नतम श्रेणी में आने वाले स्कूलों की संख्या कम हो रही है।

इसमें कहा गया कि शीर्ष प्रदर्शन करने वाली श्रेणियों में रखे गए छात्रों की संख्या भी पिछले वर्ष की तुलना में 2023 में बढ़ी है।

राज्य के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने सोमवार को यहां ‘गुनोत्सव 2023’ के नतीजे जारी किए। इसमें राज्य के सभी 31 जिलों के 44,531 विद्यालयों और 41,35,163 (99.69 प्रतिशत) छात्रों को शामिल किया गया था।

इस कवायद में सरकारी/अनुदान प्राप्त, चाय बागान प्रबंधन विद्यालय, चाय बागान आदर्श विद्यालय, आदर्श विद्यालय, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों और आवासीय विद्यालयों के पहली कक्षा से 9वीं कक्षा तक के बच्चों को शामिल किया गया।

इस साल ‘ए-प्लस’ श्रेणी के विद्यालयों का प्रतिशत 28.64 प्रतिशत था जबकि 2022 में यह आंकड़ा 11.56 प्रतिशत था।

श्रेणी ‘ए’ में रखे गए स्कूल भी 2023 में बढ़कर 46.19 प्रतिशत हो गए, जो पिछले साल 40.69 प्रतिशत थे।

दूसरी ओर, श्रेणी बी, सी और डी में स्कूलों का प्रतिशत 2022 में क्रमशः 31.54, 11.13 और 5.08 की तुलना में इस वर्ष घटकर 18.58, 4.75 और 1.85 प्रतिशत रह गया है।

रिपोर्ट में 86.50 प्रतिशत और उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले स्कूलों को ए-प्लस श्रेणी में, 73.50 से 86.49 प्रतिशत के बीच ‘ए’ में , 60.50 से 73.49 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वालों को ‘बी’ में, 48.50 से 60.49 प्रतिशत वालों को ‘सी’ में और 0-48.49 प्रतिशत के बीच अंक हासिल करने वालों को डी श्रेणी में रखा गया है।

‘ए-प्लस’ और ‘ए’ श्रेणियों में रखे गए छात्रों का प्रतिशत 2023 में बढ़कर 38.16 और 32.51 प्रतिशत हो गया, जो पिछले वर्ष क्रमशः 23.79 और 25.64 प्रतिशत था।

रिपोर्ट के अनुसार, 2022 में 21.20, 12.58 और 16.78 प्रतिशत की तुलना में इस वर्ष बी, सी और डी श्रेणी में छात्रों के प्रतिशत में 16.57, 6.37 और 6.39 प्रतिशत की गिरावट आई है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)