जरुरी जानकारी | रेमंड के सुचारू संचालन के लिए पूरी तरह प्रतिबद्धः चेयरमैन सिंघानिया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. पारिवारिक विवाद में फंसे रेमंड के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक गौतम सिंघानिया ने अपने कर्मचारियों और निदेशक मंडल को कामकाज सामान्य ढंग से चलने का आश्वासन देते हुए कहा है कि वह इसके सुचारू संचालन के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।
नयी दिल्ली, 27 नवंबर पारिवारिक विवाद में फंसे रेमंड के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक गौतम सिंघानिया ने अपने कर्मचारियों और निदेशक मंडल को कामकाज सामान्य ढंग से चलने का आश्वासन देते हुए कहा है कि वह इसके सुचारू संचालन के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।
कुछ दिनों पहले पत्नी नवाज से अलग होने की घोषणा करने वाले जाने-माने उद्यमी सिंघानिया ने रेमंड के निदेशक मंडल के सदस्यों और कर्मचारियों को भेजे गए एक आंतरिक ईमेल में अपनी प्रतिबद्धता जताई है।
उन्होंने ईमेल में कहा है कि उन्होंने अपनी निजी जिंदगी के बारे में आ रही मीडिया रिपोर्टों पर टिप्पणी नहीं करने का फैसला किया है। उन्होंने कहा, "अपने परिवार की गरिमा बनाए रखना मेरे लिए सबसे ऊपर है।"
इसके साथ ही उन्होंने कहा कि रेमंड के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक के तौर पर वह कंपनी के सुचारू संचालन और इसके कारोबार के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा, "इस मुश्किल दौर में भी मैं आपको यकीन दिलाता हूं कि रेमंड के भीतर सामान्य ढंग से ही कामकाज चल रहा है।"
सिंघानिया ने कारोबार के मोर्चे पर रेमंड के शानदार प्रदर्शन का जिक्र करते हुए कहा है कि पिछली तिमाही कंपनी के इतिहास में सबसे अच्छी रही है।
उन्होंने कहा, "मैं अपने सभी शेयरधारकों के लिए मूल्य निर्माण और वितरण के साथ अपने कर्मचारियों, ग्राहकों और अन्य हितधारकों के हितों को सुनिश्चित करने के लिए संकल्पबद्ध हूं।"
इस बारे में संपर्क किए जाने पर रेमंड के एक प्रवक्ता ने कहा कि सिंघानिया ने यह ईमेल कंपनी के निदेशक मंडल के सदस्यों और कर्मचारियों को आंतरिक स्तर पर भेजा है।
सिंघानिया ने महीने की शुरुआत में पत्नी नवाज से अलग होने की घोषणा की थी। इसके पहले इस 32 साल पुरानी शादी के भविष्य को लेकर अटकलें लगाई जा रही थीं। इस दंपती की दो संतानें हैं।
प्रेम
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)