देश की खबरें | एम्स दिल्ली परिसर को वाई-फाई से पूरी तरह से लैस करने के लिए समिति गठित

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) प्रशासन ने अपने परिसर को वाई-फाई से पूरी तरह से लैस करने के लिए एक समिति गठित की है।

नयी दिल्ली, 26 मई दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) प्रशासन ने अपने परिसर को वाई-फाई से पूरी तरह से लैस करने के लिए एक समिति गठित की है।

शुक्रवार को जारी कार्यालय ज्ञापन के मुताबिक, एम्स में मरीज़ के इलाज के साथ-साथ शिक्षण और अनुसंधान गतिविधियां होती हैं जिसके लिए पूरे परिसर में चौबीस घंटे सुरक्षित वाई-फाई की जरूरत है।

ज्ञापन में निदेशक डॉ एम श्रीनिवास के हवाले से कहा गया है कि वर्तमान में सिर्फ नई इमारतें ही वाई-फाई से लैस हैं और परिसर के अधिकांश हिस्से में वाई-फाई कनेक्टिविटी बहुत खराब है, जिससे रोगियों, कर्मचारियों और आगंतुकों को समान रूप से बहुत असुविधा हो रही है।

उसमें कहा गया है कि सामान्य वाई-फाई नेटवर्क की कमी के कारण कई विभागों ने अपने दिन-प्रतिदिन के कामकाज को सुविधाजनक बनाने के लिए अपने स्वयं के वाई-फाई नेटवर्क ले रखें हैं।

ज्ञापन के मुताबिक, साइबर खतरों के मद्देनजर केंद्रीय रूप से उक्त नेटवर्क की निगरानी करना मुश्किल हो गया है।

उसमें कहा गया है कि मरीज़ देखभाल, शिक्षण, अनुसंधान और सुशासन के लिए विभिन्न चिकित्सा विश्वविद्यालयों की ओर से अपनाए गए वैश्विक सर्वोत्तम पद्धति और एकीकृत चिकित्सा विश्वविद्यालय सूचना प्रणाली (आईएमयूआईएस) को लागू करने के लिए समूचा दिल्ली एम्स परिसर वाई-फाई से लैस होना चाहिए।

ज्ञापन के मुताबिक, पांच सदस्य समिति पूरे परिसर को वाई-फाई से लैस करने के लिए 15 जून तक रूचि पत्र जारी करेगी। उसमें इच्छुक कंपनियों से परिसर का सर्वेक्षण करने और 15 जुलाई तक अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करने का भी आग्रह किया गया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\