एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | सुरक्षित, सम्मानजनक वातावरण बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध: परिसर में ‘दुष्कर्म’ के बाद आईआईएम कलकत्ता

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. परिसर में कथित दुष्कर्म की घटना के बाद भारतीय प्रबंध संस्थान (आईआईएम)-कलकत्ता ने शनिवार को कहा कि संस्थान ऐसी घटनाओं को कतई बर्दाश्त नहीं करता और परिसर में सुरक्षित तथा सम्मानजनक माहौल बनाए रखने के लिए दृढ़ है।

देश की खबरें | सुरक्षित, सम्मानजनक वातावरण बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध: परिसर में ‘दुष्कर्म’ के बाद आईआईएम कलकत्ता

कोलकाता, 12 जुलाई परिसर में कथित दुष्कर्म की घटना के बाद भारतीय प्रबंध संस्थान (आईआईएम)-कलकत्ता ने शनिवार को कहा कि संस्थान ऐसी घटनाओं को कतई बर्दाश्त नहीं करता और परिसर में सुरक्षित तथा सम्मानजनक माहौल बनाए रखने के लिए दृढ़ है।

संस्थान ने कहा कि मामले को अत्यंत गंभीरता से लिया जा रहा है और अधिकारी कानूनी एजेंसियों के साथ पूरा सहयोग कर रहे हैं।

पुलिस ने बताया कि शुक्रवार को बिजनेस स्कूल के छात्रावास में एक छात्र ने कथित तौर पर एक महिला के साथ बलात्कार किया।

आईआईएम-कलकत्ता के प्रभारी निदेशक सैबाल चट्टोपाध्याय ने एक बयान में कहा कि संस्थान यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि सभी व्यक्तियों की गरिमा, सुरक्षा और गोपनीयता की रक्षा करते हुए उचित प्रक्रिया का पालन किया जाए।

उन्होंने एक बयान में कहा, “हम यह पुष्टि करना चाहते हैं कि भारतीय प्रबंधन संस्थान, कलकत्ता ऐसी घटनाओं कतई बर्दाश्त नहीं करता तथा परिसर में सुरक्षित व सम्मानजनक माहौल को बनाए रखने के लिए दृढ़ है। हम चल रही जांच प्रक्रिया का समर्थन करने और संस्थागत प्रोटोकॉल का पालन सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठा रहे हैं।”

बयान में कहा गया, “हम सभी से आग्रह करते हैं कि वे अटकलबाजी करने या असत्यापित जानकारी प्रसारित करने से बचें, क्योंकि इससे और अधिक भ्रम पैदा हो सकता है एवं जांच में बाधा आ सकती है, तथा जांच प्राधिकारियों को स्वतंत्र व निष्पक्ष रूप से अपनी जिम्मेदारियां निभाने का अवसर दें। जांच के दौरान, हम इस समय और कोई टिप्पणी नहीं करेंगे, लेकिन स्थिति पर बारीकी से नजर रखेंगे और कानून तथा हमारी आंतरिक नीतियों के अनुरूप आवश्यकतानुसार उचित कार्रवाई करेंगे।”

चट्टोपाध्याय ने कहा कि प्रशासन को एक छात्र से जुड़ी गंभीर शिकायत के बारे में अवगत कराया गया है, हालांकि शिकायतकर्ता संस्थान का नहीं है और मामले को अत्यंत गंभीरता से लिया जा रहा है।

उन्होंने कहा, ‘‘हम कानून प्रवर्तन अधिकारियों के साथ पूरा सहयोग कर रहे हैं, जो वर्तमान में जांच कर रहे हैं। संबंधित व्यक्ति को पुलिस हिरासत में ले लिया गया है और कानूनी प्रक्रिया चल रही है।”

पुलिस ने बताया कि महिला द्वारा हरिदेवपुर थाने में दर्ज कराई गई प्राथमिकी के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि कथित घटना शुक्रवार को आईआईएम कलकत्ता के लड़कों के छात्रावास के अंदर हुई।

उन्होंने कहा, “महिला ने प्राथमिकी में कहा है कि उसे परामर्श के लिए छात्रावास बुलाया गया था। नशीला पदार्थ मिला पेय पीने के बाद वह बेहोश हो गई। होश में आने के बाद महिला को एहसास हुआ कि उसके साथ बलात्कार हुआ है।”

अधिकारी ने बताया कि उसने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने उसे धमकी दी थी कि अगर उसने इस बारे में किसी को बताया तो उसे गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।

यह घटनाक्रम कोलकाता के एक विधि महाविद्यालय में एक छात्रा के साथ कथित तौर पर सामूहिक बलात्कार की घटना के लगभग दो सप्ताह बाद सामने आया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 12, 2025 08:18 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).