वॉशिंगटन, दो मई अमेरिका के विदेश मंत्रालय ने कहा है कि कोविड-19 महामारी फैलने के बाद से देश ने 77.5 करोड़ अमेरिकी डॉलर से अधिक की आपात स्वास्थ्य, मानवीय एवं आर्थिक सहायता की प्रतिबद्धता जतायी है। इससे भारत सहित 120 से अधिक देशों को इस महामारी से लड़ने में मदद मिलेगी। इस खतरनाक बीमारी ने दुनिया भर में दो लाख 30 हजार से अधिक लोगों की जान ले ली है और 33 लाख से अधिक लोग संक्रमित हैं।
अमेरिकी विदेश मंत्रालय द्वारा शुक्रवार को जारी किये गए तथ्यपत्र के अनुसार 77.5 करोड़ डॉलर से अधिक की सहायता का उद्देश्य विशेष तौर पर सरकारों, अंतरराष्ट्रीय संगठनों और गैर सरकारी संगठनों (एनजीओ) को इस महामारी से लड़ने में सहायता प्रदान करना है।
इसने कहा कि कांग्रेस द्वारा मुहैया करायी गई यह धनराशि 120 से अधिक देशों में जनस्वास्थ्य शिक्षा में सुधार करने, स्वास्थ्य देखभाल सुविधाओं की रक्षा करने और प्रयोगशालाओं की संख्या बढ़ाने, बीमारी की निगरानी और त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता बढ़ाने में मदद करेगी।
इसमें कहा गया है कि भारत को 59 लाख डॉलर की सहायता प्राप्त हुई है ताकि उसे प्रभावितों को देखभाल मुहैया कराने, समुदायों में जनस्वास्थ्य संदेश प्रसारित करने, मामलों का पता लगाने और निगरानी बढ़ाकर बीमारी के प्रसार को रोकने में मदद मिले।
भारत को पिछले 20 वर्षों में करीब 2.8 अरब डॉलर की कुल सहायता मिली है जिसमें 1.4 अरब डॉलर से अधिक स्वास्थ्य सेवाओं के लिए है।
इसमें कहा गया कि अमेरिका ने दक्षिण एशिया में अफगानिस्तान (1.8 करोड़ डॉलर), पाकिस्तान (1.5 करोड़ डॉलर), बांग्लादेश (1.23 करोड़ डॉलर) को कोविड-19 स्वास्थ्य सहायता राशि प्रदान की है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)












QuickLY