एजेंसी न्यूज

जरुरी जानकारी | सोने के आयात में तेज उछाल वाले आंकड़ों की जांच कर रहा वाणिज्य मंत्रालय

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. नवंबर में सोने का आयात 14.86 अरब डॉलर के सर्वकालिक उच्चस्तर पर पहुंचने के बाद वाणिज्य मंत्रालय इस आंकड़े में किसी तरह की गड़बड़ी की पड़ताल कर रहा है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

जरुरी जानकारी | सोने के आयात में तेज उछाल वाले आंकड़ों की जांच कर रहा वाणिज्य मंत्रालय

नयी दिल्ली, 18 दिसंबर नवंबर में सोने का आयात 14.86 अरब डॉलर के सर्वकालिक उच्चस्तर पर पहुंचने के बाद वाणिज्य मंत्रालय इस आंकड़े में किसी तरह की गड़बड़ी की पड़ताल कर रहा है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

इसी सप्ताह आए आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, सोने के आयात में उछाल आने से देश का व्यापार घाटा नवंबर में रिकॉर्ड 37.84 अरब डॉलर तक पहुंच गया।

वाणिज्य मंत्रालय के अधिकारी ने कहा, ‘‘सोने के आयात में असामान्य उछाल को देखते हुए वाणिज्यिक आसूचना और सांख्यिकी महानिदेशालय (डीजीसीआईएस) ने इन आंकड़ों की विस्तृत जांच की है और अब केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर और सीमा शुल्क बोर्ड (सीबीआईसी) से मिले आंकड़ों के साथ इनका मिलान किया जाएगा।’’

वाणिज्य मंत्रालय के तहत संचालित डीजीसीआईएस भारत के व्यापार सांख्यिकी और वाणिज्यिक सूचनाओं के संग्रह, संकलन और प्रसार का काम करता है।

आंकड़ों के मुताबिक, नवंबर में देश का स्वर्ण आयात 14.86 अरब डॉलर के रिकॉर्ड उच्चस्तर पर पहुंच गया, जो मुख्य रूप से त्योहारी मौसम और शादी-विवाह के सीजन की मांग के कारण चार गुना वृद्धि है। नवंबर, 2023 में सोने का आयात 3.44 अरब अमेरिकी डॉलर रहा था।

चालू वित्त वर्ष में अप्रैल-नवंबर के दौरान कुल आयात 49 प्रतिशत बढ़कर 49 अरब डॉलर हो गया जबकि साल भर पहले की समान अवधि में यह 32.93 अरब डॉलर था।

वाणिज्य मंत्रालय का कहना है कि लगभग 25 प्रतिशत औसत वार्षिक रिटर्न के साथ सोना इस साल नवंबर तक सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाली संपत्तियों में से एक रहा है। यह सुरक्षित संपत्ति के रूप में मजबूत निवेशक धारणा को दर्शाता है।

इस साल सोने का भाव राष्ट्रीय राजधानी में 23 प्रतिशत बढ़कर 79,000 रुपये प्रति 10 ग्राम के करीब पहुंच चुका है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Dec 18, 2024 09:52 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).