एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | दिल्ली में शीतलहर का प्रकोप, तापमान गिरकर 3.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली में शीत लहर का प्रकोप बना हुआ है और सोमवार को पारा सामान्य से पांच डिग्री लुढ़ककर 3.2 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया जो अभी तक इस मौसम का सबसे कम न्यूनतम तापमान है।

देश की खबरें | दिल्ली में शीतलहर का प्रकोप, तापमान गिरकर 3.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचा

नयी दिल्ली, 20 दिसंबर दिल्ली में शीत लहर का प्रकोप बना हुआ है और सोमवार को पारा सामान्य से पांच डिग्री लुढ़ककर 3.2 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया जो अभी तक इस मौसम का सबसे कम न्यूनतम तापमान है।

सफदरजंग वेधशाला ने यह जानकारी दी, जिसके आंकड़ों को शहर के लिए आधिकारिक मानक माना जाता है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग में वरिष्ठ वैज्ञानिक आर के जेनामणि ने बताया कि एक के बाद एक दो पश्चिमी विक्षोभों और इसके कारण मंगलवार रात से सर्द उत्तरपश्चिमी हवाओं के मंद होने से न्यूनतम तापमान बढ़ जाएगा।

पश्चिमी दिल्ली के जाफरपुर गांव में स्वचालित मौसम केंद्र ने न्यूनतम तापमान सामान्य से छह डिग्री कम 2.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। लोधी रोड मौसम केंद्र ने न्यूनतम तापमान 3.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जबकि इस समय का औसतन न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस होता है।

आईएमडी के आंकड़ों के अनुसार, ज्यादातर अन्य स्थानों पर न्यूनतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस से छह डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया।

मौसम विज्ञान विभाग ने अगले दो दिनों तक पश्चिमोत्तर भारत में भयंकर शीतलहर चलने का अनुमान लगाया है।

आईएमडी ने अपराह्न पौने दो बजे जारी एक बुलेटिन में कहा, ‘‘ शीतलहर से भयंकर शीतलहर पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और मध्यप्रदेश में अगले 24 घंटे के दौरान जारी रहने की संभावना है तथा उसके अगले 24 घंटे के दौरान कुछ छिटपुट स्थानों पर शीतलहर चल सकती है।’’

जेनामणि ने बताया कि 22 और 25 दिसंबर के बीच ‘‘एक के बाद एक’’ दो पश्चिमी विक्षोभों के प्रभाव से न्यूनतम तापमान छह से सात डिग्री सेल्सियस तक बढ़ने की संभावना है।

आईएमडी ने 21 दिसंबर तक उत्तरपश्चिमी भारत के कई हिस्सों में शीतलहर चलने का अनुमान जताया है।

अगर मैदानी इलाकों में न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाता है तो आईएमडी शीतलहर की घोषणा करता है। जब न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस या उससे नीचे तक चला जाता है और सामान्य से 4.5 डिग्री सेल्सियस नीचे रहता है तो भी शीत लहर की घोषणा की जाती है।

हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और हिमाचल में भी हाड़ कंपा देने वाली ठंड पड़ रही है। राजस्थान के चुरू में रविवार को सबसे कम शून्य से 2.6 डिग्री सेल्सियस नीचे न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। इसके बाद सीकर में शून्य से 2.5 डिग्री सेल्सियस नीचे और अमृतसर में शून्य से 0.5 डिग्री सेल्सियस नीचे तापमान दर्ज किया गया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Dec 20, 2021 10:49 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).