एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | कश्मीर में शीतलहर तेज, उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में भी ठंड बढ़ी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कश्मीर में मंगलवार को शीतलहर और तेज हो गई तथा मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में घाटी में हल्की से मध्यम बर्फबारी का पूर्वानुमान व्यक्त किया वहीं उत्तर प्रदेश के बड़े हिस्से में अधिकतम तापमान में पांच डिग्री सेल्सियस से अधिक की गिरावट देखी गई।

देश की खबरें | कश्मीर में शीतलहर तेज, उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में भी ठंड बढ़ी

नयी दिल्ली, 31 दिसंबर कश्मीर में मंगलवार को शीतलहर और तेज हो गई तथा मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में घाटी में हल्की से मध्यम बर्फबारी का पूर्वानुमान व्यक्त किया वहीं उत्तर प्रदेश के बड़े हिस्से में अधिकतम तापमान में पांच डिग्री सेल्सियस से अधिक की गिरावट देखी गई।

राजस्थान के कुछ हिस्सों के साथ ही पड़ोसी राज्यों हरियाणा और पंजाब में भी कड़ाके की ठंड जारी है।

मौसम विभाग ने बताया कि उत्तरी कश्मीर में ‘स्कीइंग’ के लिए मशहूर पर्यटक स्थल गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से 11.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण कश्मीर में वार्षिक अमरनाथ यात्रा के लिए आधार शिविर पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 8.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

श्रीनगर में रात के समय तापमान शून्य से 3.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया जो पिछली रात से दो डिग्री सेल्सियस कम है।

मौसम विभाग ने बताया कि कश्मीर के प्रवेश द्वार काजीगुंड और पंपोर शहर के कोनीबल में न्यूनतम तापमान शून्य से 7.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

विभाग ने बताया कि उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा में न्यूनतम तापमान 0.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि दक्षिणी कश्मीर के कोकेरनाग में न्यूनतम तापमान शून्य से 5.6 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा।

घाटी में कुपवाड़ा एकमात्र ऐसा स्थान रहा जहां न्यूनतम तापमान हिमांक बिंदु से ऊपर रहा।

मौसम विभाग ने नए साल के पहले दिन हल्की बर्फबारी और बाद में मध्यम बर्फबारी का अनुमान जताया है।

विभाग ने कहा, ‘‘एक और दो जनवरी को पश्चिमी विक्षोभ के यहां से गुजरने के कारण कुछ स्थानों पर हल्की बर्फबारी के आसार हैं। तीन से छह जनवरी तक इसके प्रभाव के कारण मध्यम से भारी बर्फबारी हो सकती है, जबकि चार से छह जनवरी को विभिन्न स्थानों में भारी बर्फबारी के आसार हैं।’’

वर्तमान में कश्मीर घाटी ‘चिल्ला-ए-कलां’ (सर्वाधिक ठंड की अवधि) की चपेट में है। इसे सर्दियों का सबसे कठिन समय माना जाता है, जो 21 दिसंबर से शुरू हुआ था।

‘चिल्ला-ए-कलां’ की 40 दिनों की अवधि के दौरान सबसे अधिक बर्फबारी होती है।

‘चिल्ला-ए-कलां’ अगले साल 30 जनवरी को खत्म हो जाएगा, लेकिन शीतलहर जारी रहेगी। 40 दिनों के बाद 20 दिवसीय ‘चिल्ला-ए-खुर्द’ और 10 दिन का ‘चिल्ला-ए-बच्चा’ भी होगा जब घाटी में ठंड में धीरे-धीरे कमी आएगी।

राष्ट्रीय राजधानी में इस साल का आखिरी दिन बादलों से घिरा रहा और अधिकतम तापमान 17.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के सामान्य तापमान से 2.7 डिग्री कम है।

मौसम विभाग ने बताया कि दिल्ली में न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के सामान्य तापमान से 2.6 डिग्री अधिक है।

उत्तर प्रदेश के लखनऊ स्थित मौसम विभाग ने बताया कि प्रदेश में कम से कम 50 जिलों में अधिकतम तापमान में पांच डिग्री सेल्सियस से अधिक की गिरावट दर्ज की गई।

विभाग के मुताबिक, बुधवार तक कड़ाके की ठंड जारी रहने की आशंका है। न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

विभाग के मुताबिक, आसमान में बादल छाए रहने और दिन का तापमान 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने से दिन व रात के तापमान में काफी कमी आई।

दिन और रात के तापमान में आमतौर पर पांच से सात डिग्री सेल्सियस का अंतर रहता है।

लखनऊ स्थित मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने असामान्य मौसम के बारे में बताया, “निचले क्षोभमंडल में स्थिरता के कारण दिन के दौरान विकिरणीय ताप और रात के दौरान विकिरणीय शीतलन अवरुद्ध हो गया है। इससे दिन और रात के तापमान में अंतर कम हो गया है।”

राजस्थान में उत्तरी बफीर्ली हवाओं के असर से सर्दी बढ़ गई और गलन वाली ठंड तथा कोहरे के कारण आम जनजीवन प्रभावित हुआ है।

जयपुर मौसम केन्द्र के अनुसार, शीतलहर के आगामी दो-तीन दिन तक यथावत रहने और बुधवार को शीतलहर का प्रभाव और बढ़ने का अनुमान है।

केंद्र ने बताया कि मैदानी इलाकों में श्रीगंगानगर और बीकानेर का लूणकरणसर सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां मंगलवार को सुबह न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री दर्ज किया गया। फतेहपुर में 4.8 डिग्री, अजमेर में 4.9 डिग्री, बीकानेर में 5.2 डिग्री, डबोक में 5.6 डिग्री, चित्तौड़गढ़ में 6.2 डिग्री, चूरू में 6.3 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।

हरियाणा तथा पंजाब में विभिन्न स्थानों पर कड़ाके की ठंड जारी रही और दोनों राज्यों में तापमान सामान्य से नीचे रहा।

मौसम विभाग के अनुसार हरियाणा का नारनौल मंगलवार को राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा जहां न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री कम है।

पंजाब में बठिंडा सबसे ठंडा स्थान रहा जहां न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। संगरूर में न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि फरीदकोट में न्यूनतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

उत्तराखंड में भारी बर्फबारी के बाद साफ मौसम और चमकदार धूप का आनंद लेने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक नये साल का स्वागत करने के लिए मनमोहक स्थानों पर पहुंचे।

झारखंड में अगले दो दिनों के भीतर तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने का अनुमान है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी।

मौसम विभाग ने कहा कि राज्य में नए साल के स्वागत की तैयारियां जोरों पर हैं और इस बीच कुछ क्षेत्रों में घने कोहरे के साथ ठंडी हवाएं चलने के आसार हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Dec 31, 2024 09:40 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).