एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | दिल्ली में शीतलहर, न्यूनतम तापमान गिरकर 3.6 डिग्री सेल्सियस हुआ

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली मंगलवार को शीतलहर से ठिठुरती रही और न्यूनतम तापमान 3.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

देश की खबरें | दिल्ली में शीतलहर, न्यूनतम तापमान गिरकर 3.6 डिग्री सेल्सियस हुआ
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

नयी दिल्ली, 29 दिसंबर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली मंगलवार को शीतलहर से ठिठुरती रही और न्यूनतम तापमान 3.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार पूरी दिल्ली का औसत तापमान बताने वाली सफदरजंग वेधशाला ने सोमवार रात न्यूनतम तापमान 3.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया, जबकि अधिकतम तापमान 18.1 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से दो डिग्री कम है।

इसने बताया कि आया नगर और लोधी रोड मौसम केंद्रों ने न्यूनतम तापमान क्रमश: 2.6 डिग्री सेल्सियस और 2.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

यदि मैदानी इलाकों में न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस से नीचे चला जाता है, तो मौसम विभाग शीतलहर घोषित कर देता है। तापमान के दो डिग्री सेल्सियस से भी कम हो जाने पर अत्यंत भीषण शीतलहर की घोषणा की जाती है।

मौसम विभाग ने कहा कि तापमान नववर्ष की पूर्व संध्या पर और भी गिर सकता है।

इसने बताया कि शहर के कई हिस्सों में आगामी तीन दिन में शीतलहर की स्थिति बने रहने का पूर्वानुमान है।

मौसम विज्ञान विभाग के क्षेत्रीय पूर्वानुमान केंद्र के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बर्फबारी हुई है।

उन्होंने कहा कि पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों से शीत एवं शुष्क उत्तरी/पश्चिमोत्तरी हवाएं मैदानी इलाकों की ओर चल रही है, जिसके कारण उत्तर भारत में न्यूनतम तापमान में गिरावट आई है।

सफदरजंग वेधशाला ने 20 दिसंबर को दिल्ली में न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया था, जो इस मौसम में अब तक का सबसे कम तापमान है।

शहर में पिछले 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) मंगलवार को 265 था। सोमवार को 253 था, जो रविवार, शनिवार, शुक्रवार, बृहस्पतिवार और बुधवार को क्रमश: 396, 337, 357, 423 और 433 दर्ज किया गया था।

शून्य से 50 के बीच एक्यूआई ‘अच्छा’, 51 और 100 के बीच एक्यूआई ‘संतोषजनक’, 101 और 200 के बीच एक्यूआई ‘सामान्य’ 201 और 300 के बीच एक्यूआई ‘खराब’, 301 और 400 के बीच एक्यूआई ‘बेहद खराब’ और 401 से 500 के बीच एक्यूआई ‘गंभीर’ श्रेणी में आता है।

मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि वायु की अनुकूल गति के कारण प्रदूषकों के बिखराव में मदद मिली।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Dec 29, 2020 08:25 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).