देश की खबरें | कश्मीर में ठंड का प्रकोप जारी, सप्ताहांत में हल्की बर्फबारी होने की संभावना
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी.
श्रीनगर, 10 जनवरी कश्मीर घाटी में शुक्रवार को भी ठंड का प्रकोप जारी रहा जहां न्यूनतम तापमान हिमांक बिंदु से कई डिग्री नीचे दर्ज किया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि शनिवार से विशेषकर ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी होने की संभावना है।
अधिकारियों ने बताया कि आसमान साफ रहने के कारण कश्मीर में रात का तापमान शून्य से नीचे बना हुआ है।
उन्होंने बताया कि पिछले कुछ दिनों से कश्मीर घाटी के अधिकांश हिस्सों में आसमान साफ रहा तथा दिन में तेज धूप निकली, जिससे रात के तापमान में गिरावट आई है।
अधिकारियों ने बताया कि श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 4.3 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो पिछली रात के शून्य से 4.4 डिग्री नीचे से थोड़ा अधिक है।
गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से 8.1 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो पिछली रात के शून्य से नीचे 9.6 डिग्री तापमान से अधिक है।
मौसम विभाग के अनुसार पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 10 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जबकि पिछली रात यह शून्य से 10.4 डिग्री नीचे था।
पहलगाम घाटी में सबसे ठंडा स्थान रहा।
घाटी के प्रवेशद्वार काजीगुंड में न्यूनतम तापमान शून्य से 7.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। पंपोर शहर के कोनीबल में भी न्यूनतम तापमान शून्य से 6.2 डिग्री नीचे दर्ज किया गया।
उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा में न्यूनतम तापमान शून्य से 5.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जबकि दक्षिणी कश्मीर के कोकेरनाग में पारा शून्य से 5.7 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा।
मौसम विभाग ने शुक्रवार को मौसम मुख्यतः शुष्क रहने तथा शनिवार और रविवार को कुछ स्थानों पर हल्की बारिश तथा बर्फबारी होने की संभावना जताई है।
कश्मीर इस समय 'चिल्ला-ए-कलां' की चपेट में है, जो सर्दी के मौसम की सबसे ठंड वाली अवधि होती है।
‘चिल्ला-ए-कलां’ के 40 दिनों के दौरान बर्फबारी की संभावना सबसे अधिक होती है और तापमान में काफी गिरावट आती है। यह 21 दिसंबर से शुरू हुआ था।
‘चिल्ला-ए-कलां’ 30 जनवरी को समाप्त होगा। इसके बाद 20 दिनों का ‘चिल्ला-ए-खुर्द’ और 10 दिनों का ‘चिल्ला-ए-बच्चा’ होगा है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jan 10, 2025 04:24 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

