देश की खबरें | हिमाचल में फिर फटा बादल, घर बह गये ,राष्ट्रीय राजमार्ग बाधित
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. हिमाचल प्रदेश में शिमला जिले के रामपुर उपमंडल में बादल फटने से एक स्कूल और पांच घर बह गए एवं खेतों को नुकसान पहुंचा है जबकि झाकड़ी और जोएरी क्षेत्रों के पास राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-5 भूस्खलन के कारण अवरुद्ध हो गया। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
शिमला/रामपुर, 26 जुलाई हिमाचल प्रदेश में शिमला जिले के रामपुर उपमंडल में बादल फटने से एक स्कूल और पांच घर बह गए एवं खेतों को नुकसान पहुंचा है जबकि झाकड़ी और जोएरी क्षेत्रों के पास राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-5 भूस्खलन के कारण अवरुद्ध हो गया। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
रामपुर के उपमंडल मस्जिट्रेट निशांत तोमर ने कहा कि मंगलवार को सरपारा पंचायत के कंधार गांव में बादल फटने से लगभग 20 भेड़-बकरियां और कुछ गायें बह गईं और भूस्खलन से शिमला-किन्नौर मार्ग अवरुद्ध हो गया है। उनके अनुसार सुरेंद्र कुमार, विजय नंद, मोहन , नरेन्द्र और संगत राम के मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गये।
उन्होंने कहा कि जहां भूस्खलन हुआ है वहां पर मशीनों को काम पर लगाया गया है लेकिन ऊपर से पत्थरों के गिरने से सड़क के मरम्मत कार्य में बाधा आ रही है।
तोमर ने कहा कि अबतक किसी व्यक्ति के हताहत होने की जानकारी नहीं है तथा प्रभावित लोगों को तत्काल राहत प्रदान की गई है।
रामपुर के पास सुंडा गांव में बारिश के कारण चट्टान खिसकने से दो वाहन उसके नीचे दब गए, लेकिन उसमें सवार चालकों और यात्रियों को बचा लिया गया।
राज्य आपातकालीन प्रतिक्रिया केंद्र के आंकड़ों के मुताबिक, 24 जून को मानसून के पहुंचने के बाद से वर्षा जनित घटनाओं में प्रदेश में 652 घर पूरी तरह से और 6686 घर आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं तथा 236 दुकानों और 2037 गौशालाएं भी क्षतिग्रस्त हुई हैं।
स्थानीय मौसम केंद्र ने 26,27 और 28 जुलाई को राज्य में छिपपुट स्थानों पर भारी बारिश का अंदेशा जताते हुए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है तथा भूस्खलन तथा बाढ़ आने की भी चेतावनी दी है।
मौसम विभाग ने 29 जुलाई के लिए भारी बारिश का ‘येलो अलर्ट' भी जारी किया है और एक अगस्त तक राज्य में बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है। इसने चंबा, कांगड़ा, शिमला और सिरमौर जिलों में अचानक बाढ़ आने की चेतावनी भी दी है।
सिरमौर जिले में भारी से बहुत भारी बारिश हुई । जत्तन बैराज में 156 मिलीमीटर, रेणुका में 120 मिमी, नाहन में 113 मिमी, पच्छाड़ में 103 मिमी, राजगढ़ में 74 मिमी और संगड़ाहा में 68 मिमी बारिश हुई है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)