देश की खबरें | पटना में अतिक्रमण हटाने के दौरान झड़प

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. बिहार की राजधानी पटना के राजीव नगर इलाके के नेपाली नगर में रविवार को जिला प्रशासन के नेतृत्व में अतिक्रमण हटाने के दौरान स्थानीय निवासियों और पुलिस बलों के बीच झड़प हो गई।

पटना, तीन जुलाई बिहार की राजधानी पटना के राजीव नगर इलाके के नेपाली नगर में रविवार को जिला प्रशासन के नेतृत्व में अतिक्रमण हटाने के दौरान स्थानीय निवासियों और पुलिस बलों के बीच झड़प हो गई।

पटना के जिलाधिकारी चंद्रशेखर सिंह ने पत्रकारों से बात करते हुए बताया कि नेपाली नगर इलाके में बिहार राज्य आवासीय बोर्ड की भूमि से अतिक्रमण हटाने के लिए आज सुबह प्रशासन ने कार्रवाई शुरू की।

उन्होंने कहा कि प्रशासन ने 40 एकड़ जमीन को अपने कब्जे में ले लिया तथा लगभग 95 संरचनाओं को तोड़ दिया। तोड़ी गई संरचनाओं में अधिकांश चहारदीवारी एवं निर्माणाधीन मकान थे।

जिलाधिकारी ने कहा कि 75 संरचनाओं को पूरी तरह से और 20 संरचनाओं को आंशिक रूप से तोड़ा गया। पांच ऐसे मकान थे, जिनमें लोग रह रहे थे। इन्हें खाली करने के लिए 24 घंटे का समय दिया गया था।

करीब 500 सुरक्षाकर्मी 12 बुलडोजर के साथ अतिक्रमण हटाने उक्त इलाके में पहुंचे थे।

जिला प्रशासन द्वारा जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार उपद्रवियों से निपटने के लिए पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया। साथ ही आंसू गैस के गोले भी दागे। ‌

उपद्रवियों द्वारा किए गए पथराव में नगर पुलिस अधीक्षक (मध्य) अंबरीश राहुल, एक महिला पुलिसकर्मी एवं एक अन्य पुरुष पुलिसकर्मी को हल्की चोटें आई हैं, जिनका प्राथमिक उपचार किया गया है।

जिला प्रशासन ने संपूर्ण कार्रवाई में किसी की भी मृत्यु होने से इंकार करते हुए कहा है कि मृत्यु के बारे में जो अफवाह फैलाई जा रही है, जिसका जिला प्रशासन खंडन करता है।

जिलाधिकारी चंद्रशेखर सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मानवजीत सिंह ढिल्लों स्वयं स्थल पर पहुंचकर सम्पूर्ण स्थिति पर नियंत्रण बनाए हुए थे। पूरे घटनाक्रम की वीडियोग्राफी कराई गई।

जिलाधिकारी ने कहा कि कॉल डिटेल्स, व्हाट्सएप चैट एवं वीडियो फुटेज के आधार पर हंगामा करने वालों को चिन्हित किया जा रहा है। जांच के बाद उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

इस मामले में दीघा कृषि भूमि आवास बचाओ संघर्ष समिति के अध्यक्ष श्रीनाथ सिंह एवं सचिव सहित 25 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, जिसमें एक महिला भी शामिल है। पांच वाहन भी जब्त किए गए हैं।

जिला प्रशासन ने ऐहतियात के तौर पर दीघा-आशियाना रोड के पश्चिम एवं नेपाली नगर तथा आसपास के क्षेत्रों में दंड प्रक्रिया संहिता के तहत धारा 144 लागू की है। एक जगह पर 5 या उससे ज्यादा लोगों के इकट्ठा होने पर पाबंदी रहेगी।

अनवर

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now