एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | मंडी में बाढ़ के बाद पंडोह बांध में तैरती लकड़ियों की जांच सीआईडी ​​करेगी : हिमाचल सरकार

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने पंडोह बांध में लकड़ियां जमा होने की जांच सोमवार को आपराधिक जांच विभाग (सीआईडी) को सौंप दी।

देश की खबरें | मंडी में बाढ़ के बाद पंडोह बांध में तैरती लकड़ियों की जांच सीआईडी ​​करेगी : हिमाचल सरकार

शिमला, सात जुलाई हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने पंडोह बांध में लकड़ियां जमा होने की जांच सोमवार को आपराधिक जांच विभाग (सीआईडी) को सौंप दी।

पिछले सप्ताह मंडी में अचानक आई बाढ़ के कारण पंडोह बांध में लकड़ियां जमा हो गई थीं, जिसके कारण पेड़ों की अवैध कटाई के आरोप लगे थे।

इस संबंध में एक प्रवक्ता ने एक बयान में कहा, ‘‘राज्य सरकार ने इस मामले को गंभीरता से लिया है और इतनी बड़ी मात्रा में लकड़ियों के एकत्र होने के पीछे संभावित कारणों को प्रकाश में लाया जाएगा। मुख्यमंत्री के निर्देश पर सरकार ने अब मामले की सीआईडी ​​जांच का फैसला किया है।’’

इसमें भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया गया कि विपक्षी पार्टी ने अपने शासन के दौरान वन माफिया का समर्थन किया था और वह पेड़ों की अवैध कटाई के मुद्दे पर जवाबदेही तय करने में विफल रही थी।

प्रवक्ता ने कहा कि बादल फटने और बाढ़ की घटनाओं पर पहली और सबसे महत्वपूर्ण प्रतिक्रिया लोगों के जीवन को बचाना और उन्हें तत्काल राहत प्रदान करना है तथा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सामान्य स्थिति बहाल करने के लिए प्रभावी उपाय किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि हाल ही में पंडोह बांध में भारी मात्रा में लकड़ियां तैरती हुई देखी गईं, जो बहकर यहां जमा हो गईं।

नदी में बहकर आ रहीं और पंडोह बांध में बड़ी मात्रा में तैरती हुईं लकड़ियों के वीडियो एवं तस्वीरें कुछ मीडिया मंचों पर वायरल हो गईं। इसके बाद लोगों ने इसे लेकर काफी चिंता जताई।

प्रवक्ता ने कहा, ‘‘सरकार और प्रशासन जहां लोगों की मदद करने में व्यस्त थे, वहीं भाजपा ने बादल फटने और बाढ़ से प्रभावित लोगों के प्रति संवेदनशीलता और चिंता दिखाए बिना जंगल की लकड़ियों को लेकर शोर मचाया।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 07, 2025 08:28 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).