लेबनान में श्रद्धालुओं के लिए फिर से खुला चर्च

कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिए अधिकांश चर्चों को लोगों के लिए बंद कर दिया गया था, लेकिन लेबनानी अधिकारियों ने मार्च में लगाए गए प्रतिबंधों में ढील देना शुरू कर दिया है।

चर्चों और मस्जिदों को अब रविवार और शुक्रवार को श्रद्धालुओं के लिए खोलने की अनुमति है। इनमें क्षमता सीमित कर दी गई है और सामाजिक दूरी बनाए रखने के नियमों सहित अन्य सुरक्षा उपायों से संबंधित दिशानिर्देशों का पालन किया जाता है।

रविवार को लेबनान के चर्चों में प्रवेश करने वाले कई श्रद्धालुओं को स्वच्छता प्रक्रिया से गुजरना पड़ा और उनके तापमान की जाँच की गई, फिर एक नियत दूरी पर उन्हें बैठाया गया।

हालिया इतिहास में पहली बार पिछले महीने ईस्टर की प्रार्थना खाली पड़े चर्चो में संपन्न हुई थी। यहां तक कि 1975.90 के बीच देश में चले गृह युद्ध में भी लोगों ने पूजा स्थलों पर जाना बंद नहीं किया था।

लेबनान में पूरे पश्चिम एशिया में सर्वाधिक ईसाई आबादी है।

अमेरिका के जॉन्स हापकिन्स यूनिवर्सिटी के मुताबिक लेबनान में कोरोना संक्रमण के 809 मामले दर्ज किए गए हैं और 26 लोगों की मौत हो चुकी है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)