खेल की खबरें | चोपड़ा और नदीम पेरिस ओलंपिक के बाद सिलेसिया डायमंड लीग में 16 अगस्त को होंगे आमने-सामने
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. पेरिस ओलंपिक 2024 के बाद दोनों खिलाड़ियों की यह पहली टक्कर होगी।
पेरिस ओलंपिक 2024 के बाद दोनों खिलाड़ियों की यह पहली टक्कर होगी।
चोपड़ा और नदीम आठ अगस्त, 2024 को पेरिस में हुए पुरुषों की भाला फेंक प्रतियोगिता के एक साल बाद एक-दूसरे का सामना करेंगे। नदीम पेरिस में 92.97 मीटर के शानदार थ्रो के साथ भारतीय खिलाड़ी को हराकर स्वर्ण पदक जीता था।
तोक्यो ओलंपिक 2021 में स्वर्ण जीतने वाले 27 साल के चोपड़ा को पेरिस में 89.45 मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ रजत पदक से संतोष करना पड़ा था।
विश्व एथलेटिक्स के एक बयान में कहा गया है कि चोपड़ा और नदीम सिलेसिया डायमंड लीग में पुरुषों की भाला फेंक स्पर्धा में प्रतिस्पर्धा करेंगे।
सिलेशिया डायमंड लीग के आयोजकों ने भी चोपड़ा और नदीम के बीच इस मुकाबले की पुष्टि करते हुए कहा कि यह भारतीय सुपरस्टार के लिए हिसाब बराबर करने का पहला अवसर हो सकता है।
आयोजकों ने प्रतिष्ठित डायमंड लीग स्पर्धा के प्रतिभागियों की घोषणा करते हुए कहा, ‘‘पोलैंड के प्रशंसकों को नीरज चोपड़ा और अरशद नदीम के मुकाबले का इंतजार है। भारतीय खिलाड़ी के लिए पेरिस ओलंपिक के बाद यह पाकिस्तान के चिर-प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ हिसाब बराबर करने का पहला मौका होगा।’’
आयोजकों ने कहा, ‘‘नदीम यूरोपीय सर्किट में ज्यादा स्पर्धाओं में भाग नहीं लेते है ऐसे में उनकी लय के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है। वह हालांकि 16 अगस्त को चोपड़ा की चुनौती का सामना करने के लिए तैयार है।’’
चोपड़ा हाल ही में 90 मीटर की बाधा पार करने वाले दुनिया के 26वें भाला फेंक खिलाड़ी बने हैं। चोपड़ा ने मई में दोहा डायमंड लीग में 90.23 मीटर के थ्रो के साथ रजत पदक जीता था।
सिलेशिया डायमंड लीग के आयोजकों ने कहा, ‘‘इस सत्र में वह 90 मीटर से अधिक थ्रो करने वाले इतिहास के 26वें खिलाड़ी बन गए हैं। वह निश्चित रूप से इसमें और सुधार करना चाहेगे।’’
पुरुषों की भाला फेंक में मौजूदा विश्व चैंपियन और मौजूदा ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता के बीच मुकाबला सिलेसिया डायमंड लीग के मुख्य आकर्षणों में से एक होने वाला है।
चोपड़ा ने पेरिस खेलों के बाद कई प्रतियोगिताओं में भाग लिया है, जिसमें चार डायमंड लीग मीट, पोलैंड के चोरजो और चेक गणराज्य के ओस्ट्रावा में दो अन्य शीर्ष-श्रेणी की प्रतियोगिताएं साथ ही बेंगलुरु में आयोजित एनसी क्लासिक का पहला सत्र भी शामिल है। चोपड़ा ने एनसी क्लासिक का खिताब मेजबान के तौर पर जीता था।
दोहा में साल की अपनी पहली डायमंड लीग प्रतियोगिता में वह 16 मई को 90 मीटर का आंकड़ा पार करने के बाद भी जर्मनी के जूलियन वेबर से पिछड़कर दूसरे स्थान पर रहे। उन्होंने 23 मई को चोरजो में जानूस कुसोसिंस्की मेमोरियल स्पर्धा में उन्होंने 84.14 मीटर के मामूली थ्रो के साथ दूसरा स्थान हासिल किया। उन्होंने इससे पहले 20 जून को पेरिस में 88.16 मीटर के थ्रो साथ सत्र का अपना पहला डायमंड लीग खिताब जीता।
महान भाला फेंक खिलाड़ी जान जेलेजनी से कोचिंग ले रहे चोपड़ा ने 25 जून को ओस्ट्रावा गोल्डन स्पाइक प्रतियोगिता 85.29 मीटर के थ्रो के साथ जीती, जिसके बाद उन्होंने एनसी क्लासिक में मेजबान और प्रतियोगी के तौर पर 86.18 मीटर के साथ खिताब अपने नाम किया।
दूसरी ओर 28 वर्षीय नदीम ने अपना 2024 सत्र पेरिस ओलंपिक स्वर्ण के साथ समाप्त किया और इस साल अब तक केवल एक प्रतियोगिता में भाग लिया है। उन्होंने 31 मई को दक्षिण कोरिया के गुमी में एशियाई चैंपियनशिप में 86.40 मीटर के थ्रो के साथ स्वर्ण पदक जीता।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 12, 2025 08:06 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

