विदेश की खबरें | तस्मान सागर में चीनी नौसेना का अभ्यास: ऑस्ट्रेलिया का विमानन कंपनियों को सावधान रहने का संदेश
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. मेलबर्न, 21 फरवरी (एपी) ऑस्ट्रेलिया ने उसके देश के हवाई अड्डों और न्यूजीलैंड के बीच उड़ान संचालित करने वाली अंतरराष्ट्रीय विमानन कंपनियों को चेतावनी दी है कि चीनी युद्धपोत तस्मान सागर में युद्धाभ्यास कर रहे हैं जिसके मद्देनजर वे सावधान रहें। ऑस्ट्रेलिया की विदेश मंत्री पेनी वोंग ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
मेलबर्न, 21 फरवरी (एपी) ऑस्ट्रेलिया ने उसके देश के हवाई अड्डों और न्यूजीलैंड के बीच उड़ान संचालित करने वाली अंतरराष्ट्रीय विमानन कंपनियों को चेतावनी दी है कि चीनी युद्धपोत तस्मान सागर में युद्धाभ्यास कर रहे हैं जिसके मद्देनजर वे सावधान रहें। ऑस्ट्रेलिया की विदेश मंत्री पेनी वोंग ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
तस्मान सागर दक्षिण प्रशांत महासागर का एक सीमांत सागर है, जो ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के बीच स्थित है।
वोंग ने ‘ऑस्ट्रेलियाई ब्रॉडकास्टिंग कॉर्पोरेशन’ की उस खबर की पुष्टि की कि नियामक ‘एयरसर्विसेज ऑस्ट्रेलिया’ ने वाणिज्यिक पायलेट्स को दोनों देशों के बीच हवाई क्षेत्र में संभावित खतरे के बारे में चेतावनी दी है, क्योंकि चीन के तीन युद्धपोत ऑस्ट्रेलियाई पूर्वी तट पर अभ्यास कर रहे हैं।
एबीसी की खबर के अनुसार, कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का मार्ग परिवर्तित कर दिया गया है।
वोंग ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया चीन के साथ उसके नौसैनिक अभ्यासों, ‘‘ विशेष रूप से गोलीबारी के अभ्यासों’’ के बारे में अधिसूचना और पारदर्शिता पर चर्चा कर रहा है।
ऑस्ट्रेलियाई सैन्य जहाज और विमान कई दिनों से चीनी युद्धपोतों पर नजर रख रहे हैं क्योंकि ये युद्धपोत ऑस्ट्रेलियाई पूर्वी तट से अंतरराष्ट्रीय जल क्षेत्र से गुजर रहे हैं।
‘आस्ट्रेलिया एवं अंतरराष्ट्रीय पायलट संगठन’ के उपाध्यक्ष कैप्टन स्टीव कॉर्नेल ने इस बात की आलोचना की कि चीन ने यहां अभ्यास करने का निर्णय किया।
कॉर्नेल ने एक बयान में कहा, ‘‘ दुनिया के इस हिस्से में चीनी युद्धपोतों का होना सामान्य बात नहीं है। पायलटों को अक्सर ही बाधाओं का सामना करना पड़ता है, चाहे वह इस तरह के सैन्य अभ्यासों से हो या रॉकेट प्रक्षेपण, अंतरिक्ष मलबे या ज्वालामुखी विस्फोट जैसी अन्य घटनाओं से हो।’’
अधिकारियों का कहना है कि चीनी नौसेना के कार्य समूह शायद ही कभी इस ओर आते हैं। यहां अभ्यास कर रहे पोत हैं- फ्रिगेट हेंगयांग, क्रूजर जूनी और वेईशानहू।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)