देश की खबरें | चीन के नागरिक ने अडाणी समूह की गतिविधियों में संदिग्ध भूमिका निभाई: कांग्रेस
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस ने सोमवार को आरोप लगाया कि अडाणी समूह की कारोबारी गतिविधियों में चीन के एक नागरिक ने संदिग्ध भूमिका निभाई है।
नयी दिल्ली, छह मार्च कांग्रेस ने सोमवार को आरोप लगाया कि अडाणी समूह की कारोबारी गतिविधियों में चीन के एक नागरिक ने संदिग्ध भूमिका निभाई है।
पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने यह सवाल भी किया कि क्या सरकार को कोई चिंता नहीं कि अडाणी परिवार महत्वपूर्ण रक्षा अनुबंधों में एक चीनी नागरिक को शामिल कर सकता है?
रमेश ने अपने सवालों की श्रृंखला ‘हम अडाणी के हैं कौन’ की उप श्रृंखला ‘‘दिख रहा है विनोद’’ के तहत पिछले कई दिनों की तरह आज भी प्रधानमंत्री नरेंन्द्र मोदी से कुछ प्रश्न किए।
उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘चीनी नागरिक चांग चुंग-लिंग ने अडाणी समूह की गतिविधियों में संदिग्ध भूमिका निभाई। इस व्यक्ति के गौतम अडाणी के बड़े भाई विनोद के साथ उनके घनिष्ठ संबंध हैं।’’
उन्होंने सवाल किया, ‘‘क्या आपने अगस्ता वेस्टलैंड घोटाले में अडाणी के निकट सहयोगी को क्लीन चिट दिलवाना सुनिश्चित किया? क्या इसीलिए इतने सालों से, यह जांच अधर में लटकी हुई है? क्या आपको इस बात की कोई चिंता नहीं कि अडाणी परिवार महत्वपूर्ण रक्षा अनुबंधों में एक चीनी नागरिक को शामिल कर सकता है?’’
उनका कहना है, ‘‘भ्रष्टाचार के आरोप सामने आने के तुरंत बाद संप्रग सरकार ने अगस्ता वेस्टलैंड की मूल कंपनी फिनमेकेनिका, जो बाद में लियोनार्डो हो गई, के खिलाफ सक्रिय रूप से कार्रवाई आरंभ की...26 अगस्त 2014 को लियोनार्डो कंपनी को भविष्य में भारतीय सैन्य निविदाओं में भाग लेने से प्रतिबंधित कर दिया गया। फिर भी 14 नवंबर 2021 को सरकार ने अचानक अपना प्रतिबंध हटा दिया।’’
रमेश ने सवाल किया, ‘‘मामला लंबित होने के बावजूद आपने रिश्वतखोरी और भ्रष्टाचार की आरोपी कंपनी से प्रतिबंध क्यों हटा दिया है? क्या आप एक बार फिर सरकारी एजेंसियों का दुरुपयोग करके अडाणी समूह की रक्षा क्षेत्र में गतिविधियों को आसान बनाने का प्रयास कर रहे हैं?
कांग्रेस अमेरिकी वित्तीय शोध संस्था ‘हिंडनबर्ग रिसर्च’ की रिपोर्ट आने के बाद से अडाणी समूह और प्रधानमंत्री पर लगातार हमले कर रही है।
उल्लेखनीय है कि वित्तीय शोध कंपनी हिंडनबर्ग रिसर्च ने अडाणी समूह के खिलाफ फर्जी तरीके से लेनदेन और शेयर की कीमतों में हेरफेर सहित कई आरोप लगाए थे। अडाणी समूह ने इन आरोपों को झूठा करार देते हुए कहा था कि उसने सभी कानूनों और प्रावधानों का पालन किया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Mar 06, 2023 07:50 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

