बीजिंग, चार मई चीन के विदेश मंत्री छिन कांग गोवा में भारत की मेजबानी में आयोजित शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) की बैठक में शिरकत करने के बाद शुक्रवार को दो दिन की पाकिस्तान यात्रा पर रवाना हो जाएंगे।
बृहस्पतिवार को यहां यह जानकारी दी गई। छिन पणजी में चार और पांच मई को हो रही एससीओ के विदेश मंत्रियों की बैठक में भाग ले रहे हैं। पाकिस्तान के विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो जरदारी भी इस बैठक में शामिल हो रहे हैं।
भारत और पाकिस्तान के अलावा चीन, रूस, कजाखस्तान, किर्गिजस्तान, ताजिकिस्तान और उज्बेकिस्तान एससीओ के सदस्य देशों में शामिल हैं। भारत इस वर्ष संगठन की अध्यक्षता कर रहा है।
दिलचस्प बात यह है कि चीन के विदेश मंत्रालय ने दो मई को कहा था छिन कांग भारत और म्यांमा की यात्रा पर जाएंगे, उसने पाकिस्तान यात्रा का जिक्र नहीं किया था,वहीं पाकिस्तान के मीडिया में चीनी विदेश मंत्री की यात्रा की खबर थी।
चीन के विदेश मंत्रालय ने पाकिस्तान यात्रा को लेकर बृहस्पतिवार को अलग से जानकारी दी। इस यात्रा के दौरान वह चीन, अफगानिस्तान और पाकिस्तान के विदेश मंत्रियों की एक बैठक में हिस्सा लेंगे।
छिन की पाकिस्तान यात्रा की घोषणा करते हुए चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि प्रभार संभालने के बाद यह उनकी पाकिस्तान की पहली यात्रा है तथा ‘‘ चीन और पाकिस्तान के शीर्ष स्तरों पर होने वाली बातचीत का अहम हिस्सा है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY