विदेश की खबरें | शादी में गिरावट के कारण घट रही जन्मदर को लेकर चीन की चिंता बढ़ी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. चीन में पिछले साल शादियों की संख्या 36 वर्ष के निचले स्तर पर चली गयी, जिससे दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाले इस देश में जनसांख्यिकीय संकट जोर पकड़ रहा है। इस बीच विशेषज्ञों का कहना है कि इससे देश में जन्म दर में गिरावट आएगी।
बीजिंग, दो अप्रैल चीन में पिछले साल शादियों की संख्या 36 वर्ष के निचले स्तर पर चली गयी, जिससे दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाले इस देश में जनसांख्यिकीय संकट जोर पकड़ रहा है। इस बीच विशेषज्ञों का कहना है कि इससे देश में जन्म दर में गिरावट आएगी।
आंकड़े बताते हैं कि चीन में 2021 में 76.3 लाख जोड़ों ने विवाह पंजीकरण कराया है, जो नागरिक मामलों के मंत्रालय द्वारा 1986 से जारी आंकड़ों की दृष्टि से अब तक का सबसे निम्नतर आंकड़ा है।
सरकारी समाचार पत्र ‘ग्लोबल टाइम्स’ ने जनसांख्यिकी से जुड़े एक स्वतंत्र विशेषज्ञ ही याफू को उद्धृत करते हुए लिखा है कि विवाह पंजीकरण की संख्या में आई गिरावट से चीन में जन्मदर में गिरावट दर्ज की जाएगी।
राष्ट्रीय सांख्यिकी ब्यूरो (एनबीएस) के वर्षवार तुलनात्मक अध्ययन से पता चलता है कि पिछले साल चीन की आबादी में पांच लाख से कम बढ़ी है। इस प्रकार जन्म दर में लगातार पांचवें साल गिरावट दर्ज की गयी।
आंकड़े बताते हैं कि चीन में पिछले तीन साल में विवाह पंजीकरण के मामले में गिरावट दर्ज की गयी। वर्ष 2019 में एक करोड़ से कम जोड़ों ने विवाह पंजीकरण कराये, जबकि 2020 में यह आंकड़ा 90 लाख से कम तथा 2021 में 80 लाख से कम रहा।
ग्लोबल टाइम्स की खबर के अनुसार, 2021 में जितने जोड़े शादी के बंधन में बंधे, वह आंकड़ा 2013 के आंकड़ों की तुलना में महज 56.6 प्रतिशत है।
गौरतलब है कि 2013 में विवाह बंधन में बंधने वाले जोड़ों की संख्या सर्वाधिक थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)