विदेश की खबरें | चीन विमान हादसा : 132 लोगों में से अभी तक किसी का पता नहीं चल पाया

विमान दक्षिणी प्रांत गुआंगशी में सोमवार को दुर्घटनाग्रस्त हो गया था और हादसे के कारण पहाड़ी इलाके में आग लग गई थी।

सरकारी प्रसारक ‘सीसीटीवी’ ने हादसे के 18 घंटे बाद मंगलवार सुबह बताया, ‘‘घटनास्थल पर विमान का मलबा मिल गया है, लेकिन अभी तक उसमें सवार किसी व्यक्ति का कुछ पता नहीं चल पाया है।’’

‘बोइंग 737-800’ विमान कुनमिंग से गुआनझो जाते समय गुआंगशी क्षेत्र में वुझो शहर के पास हादसे का शिकार हो गया था।

चीन के नागरिक उड्डयन प्रशासन ने बताया कि विमान में 123 यात्री और चालक दल के नौ सदस्य सवार थे।

चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने एक व्यापक बचाव अभियान चलाने और नागरिक उड्डयन सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ हादसे की पूर्ण जांच करने का आदेश भी दिया है।

वहीं, चीन की तीन सबसे बड़ी विमानन कंपनियों में शामिल ‘चाइना ईस्टर्न एयरलाइन’ ने सोमवार को हुए हादसे के बाद अपने सभी बोईंग 737-800 विमानों की उड़ानें रद्द कर दी हैं। ‘चाइना ईस्टर्न एयरलाइन’ ने अपनी वेबसाइट का रंग भी बदलकर काला कर दिया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)