एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | मुख्यमंत्री यादव बोले,कांग्रेस के नेहरू-गांधी खानदान की चारों पीढ़ियों ने संविधान का दुरुपयोग किया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सोमवार को कांग्रेस पर संविधान निर्माता डॉ. बीआर आंबेडकर की विरासत के साथ अन्याय करने का आरोप लगाते हुए कहा कि इस पार्टी के नेहरू-गांधी खानदान की चारों पीढ़ियों ने संविधान का दुरुपयोग किया।

देश की खबरें | मुख्यमंत्री यादव बोले,कांग्रेस के नेहरू-गांधी खानदान की चारों पीढ़ियों ने संविधान का दुरुपयोग किया

इंदौर, 27 जनवरी मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सोमवार को कांग्रेस पर संविधान निर्माता डॉ. बीआर आंबेडकर की विरासत के साथ अन्याय करने का आरोप लगाते हुए कहा कि इस पार्टी के नेहरू-गांधी खानदान की चारों पीढ़ियों ने संविधान का दुरुपयोग किया।

यादव ने ठीक उस वक्त कांग्रेस पर प्रहार किया, जब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के इस प्रमुख विपक्षी दल ने इंदौर के पास आंबेडकर की जन्मस्थली महू में ‘जय बापू-जय भीम-जय संविधान’ रैली आयोजित की।

रैली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने संविधान की रक्षा और सामाजिक न्याय के मुद्दों को धार देते हुए भाजपा के खिलाफ तीखे हमले किए।

मुख्यमंत्री यादव ने प्रदेश सरकार के ‘‘जन कल्याण अभियान’’ के तहत इंदौर में आयोजित कार्यक्रम में आरोप लगाया कि कांग्रेस ने आंबेडकर के साथ उनके जीते जी और उनके निधन के बाद भी अन्याय किया और संविधान निर्माता को कई मौकों पर लज्जित भी किया।

यादव ने कहा कि कांग्रेस आज संविधान बचाने की बात कर रही है, लेकिन इस पार्टी के नेहरू-गांधी खानदान की चारों पीढ़ियों ने संविधान का दुरुपयोग किया।

उन्होंने दावा किया कि आंबेडकर को चुनावों में दो बार पराजित कराने के लिए तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने पूरी जान लगाकर सभाएं आयोजित कराई थीं और संविधान निर्माता को चुनाव हराने वाले एक व्यक्ति को ‘‘पद्म विभूषण’’ के सम्मान से नवाजा गया था।

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस के नेहरू-गांधी खानदान पर परिवारवाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए कहा,‘‘इस खानदान के जवाहरलाल नेहरू और इंदिरा गांधी को भारत रत्न प्रदान किया गया, लेकिन कांग्रेस की सरकारों ने देश के प्रति आंबेडकर के योगदान को भुलाते हुए उन्हें किसी पद्म पुरस्कार के लायक तक नहीं समझा।’’

यादव ने दावा किया कि विश्वनाथ प्रताप सिंह की अगुवाई वाली सरकार ने भाजपा के अनुरोध पर 1990 में आंबेडकर को मरणोपरांत ‘‘भारत रत्न’’ से सम्मानित किया था।

उन्होंने कहा कि देश को आजादी दिलाने वाले महात्मा गांधी के वंशजों को कांग्रेस ने कभी महत्व नहीं दिया, लेकिन प्रियंका गांधी ने रॉबर्ट वाद्रा से अपनी शादी के बाद भी ‘‘वोट घटने के डर से’’ अपना "गांधी" उपनाम नहीं बदला। यादव ने कहा,‘‘नकली गांधियों ने असली गांधी के योगदान को मिटा दिया है।’’

उन्होंने यह दावा भी किया कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष खरगे, आंबेडकर की जयंती या पुण्यतिथि पर उनकी जन्मस्थली (महू) कभी नहीं पहुंचे।

यादव ने महू में आयोजित ‘जय बापू-जय भीम-जय संविधान’ रैली पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस नेताओं को आंबेडकर की जन्मस्थली में आना ही था, तो वे 26 जनवरी (गणतंत्र दिवस) को आ जाते। उन्होंने कहा,‘‘कांग्रेस नेता जब भी महू आते हैं, तो जनता की आंखों में धूल झोंकने और झूठ बोलने आते हैं। वे कागज के खिलौनों को सांप बताकर लोगों को डराते हैं।’’

यादव ने कहा कि तीन लोकसभा चुनावों में अपनी सिलसिलेवार पराजय के बाद कांग्रेस, आंबेडकर के अनुयायियों के वोट पाने के लिए उन्हें याद कर रही है, लेकिन ये लोग संविधान निर्माता के साथ अन्याय करने वाली इस पार्टी के झांसे में कतई नहीं आएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस को आंबेडकर की जन्मस्थली पर घोषणा करनी चाहिए कि वह संविधान निर्माता से किए गए अन्याय के लिए माफी मांगने के वास्ते देशभर में अभियान चलाएगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jan 27, 2025 04:52 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).