एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने की 'गौ विज्ञान परीक्षा अभियान 2025' की शुरुआत

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राज्य में ‘गौ विज्ञान परीक्षा अभियान 2025’ की शुरुआत की। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

देश की खबरें | मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने की 'गौ विज्ञान परीक्षा अभियान 2025' की शुरुआत

रायपुर, 28 जुलाई छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राज्य में ‘गौ विज्ञान परीक्षा अभियान 2025’ की शुरुआत की। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि इस परीक्षा का उद्देश्य जनसामान्य में गोवंश के महत्व, पारिस्थितिक तंत्र में उसकी भूमिका, ग्लोबल वार्मिंग (धरती के बढ़ते तापमान) की रोकथाम में योगदान तथा पंचगव्य के वैज्ञानिक पक्षों के प्रचार-प्रसार को बढ़ावा देना है।

अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री ने आज अपने निवास कार्यालय में छत्तीसगढ़ राज्य गौ संरक्षण एवं संवर्धन समिति द्वारा आयोजित ‘गौ विज्ञान परीक्षा अभियान 2025’ की शुरुआत की।

इस अवसर पर उन्होंने अभियान के पोस्टर का अनावरण किया तथा समिति के सदस्यों को इस कार्य के लिए शुभकामनाएं दी।

साय ने कहा, ‘‘गौ सेवा भारतीय संस्कृति की आत्मा है, जो न केवल आध्यात्मिक लाभ प्रदान करती है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाती है।’’

उन्होंने कहा कि इस वर्ष समिति द्वारा चलाए जा रहे अभियान में गौसेवा के साथ-साथ घर-घर ‘किचन गार्डन’ निर्माण पर विशेष बल दिया जा रहा है, जो जन स्वास्थ्य सुधार और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक सराहनीय पहल है।

इस अवसर पर समिति के प्रदेश अध्यक्ष सुबोध राठी ने मुख्यमंत्री को अभियान की रूपरेखा से अवगत कराया।

उन्होंने बताया कि समिति द्वारा चार नवंबर 2025 को प्रदेशभर में गौ विज्ञान परीक्षा आयोजित की जाएगी जिसका का उद्देश्य जनसामान्य में गोवंश के महत्व, पारिस्थितिक तंत्र में उसकी भूमिका, ग्लोबल वार्मिंग की रोकथाम में योगदान तथा पंचगव्य के वैज्ञानिक पक्षों के प्रचार-प्रसार को बढ़ावा देना है।

राठी ने बताया कि यह परीक्षा माध्यमिक, उच्चतर माध्यमिक और महाविद्यालय--इन तीन श्रेणियों में आयोजित की जाएगी तथा प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को 51 हजार रुपये नगद, द्वितीय स्थान के लिए 31 हजार रुपये तथा तृतीय स्थान के लिए 21 हजार रुपये नगद पुरस्कार तथा गौमय उत्पादों का किट प्रदान किया जाएगा।

राठी के अनुसार इसी प्रकार जिला स्तरीय परीक्षा में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों को क्रमशः 3,100 रूपए, 2,100 रूपए तथा 1,100 रूपए नगद पुरस्कार के साथ गौ उत्पाद किट प्रदान किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि परीक्षा में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को गौ विज्ञान ग्रंथ और प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा तथा इच्छुक विद्यार्थी अपनी संस्था के प्राचार्य अथवा गौ विज्ञान प्रभारी से संपर्क कर पंजीयन करा सकते हैं।

अधिकारियों ने बताया कि पिछले वर्ष इस परीक्षा में प्रदेशभर से एक लाख से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया था। इस वर्ष समिति ने एक लाख से अधिक विद्यार्थियों की भागीदारी का लक्ष्य निर्धारित किया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 28, 2025 09:12 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).