देश की खबरें | मुख्यमंत्री सैनी ने कांग्रेस के ‘हरियाणा मांगे हिसाब’ अभियान को ‘झूठ की यात्रा’ बताया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कांग्रेस के ‘‘हरियाणा मांगे हिसाब’’ अभियान को रविवार को ‘‘झूठ की यात्रा’’ करार दिया और आरोप लगाया कि विपक्षी पार्टी केवल झूठ फैलाती है।
चंडीगढ़, 21 जुलाई हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कांग्रेस के ‘‘हरियाणा मांगे हिसाब’’ अभियान को रविवार को ‘‘झूठ की यात्रा’’ करार दिया और आरोप लगाया कि विपक्षी पार्टी केवल झूठ फैलाती है।
सैनी ने कहा कि कांग्रेस को अपने 10 साल (2005-2014) का हिसाब देना चाहिए, जिस दौरान भ्रष्टाचार और भाई-भतीजावाद चरम पर था।
सिरसा में पत्रकारों से बातचीत में, सैनी ने शनिवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा अवैध खनन से जुड़े धनशोधन मामले में कांग्रेस विधायक सुरेन्द्र पंवार की गिरफ्तारी के बारे में पूछे जाने पर कहा कि ईडी एक स्वतंत्र एजेंसी है और वह अपना काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि जहां भी उन्हें लगता है कि कोई गलत काम हो रहा है, वे वहां कार्रवाई करते हैं।
दीपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में ‘‘हरियाणा मांगे हिसाब’’ अभियान के तहत कांग्रेस द्वारा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर हमला करने के बारे में पूछे जाने पर सैनी ने कहा, ‘‘दीपेंद्र को पहले अपने पिता (भूपेंद्र हुड्डा) के कार्यकाल के दौरान किये गए कार्यों का हिसाब देना चाहिए। उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान क्या किया, यह उन्हें बताना चाहिए।’’
सैनी ने कहा, ‘‘यह (हरियाणा मांगे हिसाब) एक झूठ की यात्रा है और वे जनता के बीच केवल झूठ फैला रहे हैं।’’
उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अपने 10 साल के शासन के बारे में बात करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि लोग उनके समय में व्याप्त स्थिति को नहीं भूले हैं और आरोप लगाया कि उस समय व्यवस्था चरमरा गई थी।
उन्होंने कहा, ‘‘हमारी सरकार के 10 वर्षों के कार्यकाल के दौरान हमने समान विकास सुनिश्चित किया।’’
कांग्रेस ने 15 जुलाई को ‘‘हरियाणा मांगे हिसाब’’ अभियान शुरू किया था, जिसके तहत वह बेरोजगारी और कानून व्यवस्था, किसानों और अन्य मुद्दों समेत कई मोर्चों पर सत्तारूढ़ भाजपा पर निशाना साध रही है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 21, 2024 05:40 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

