देश की खबरें | मुख्यमंत्री सैनी ने हरियाणा के स्थापना दिवस पर राज्य के निवासियों को बधाई दी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को लोगों को राज्य के स्थापना दिवस की बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
चंडीगढ़, एक नवंबर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को लोगों को राज्य के स्थापना दिवस की बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
हरियाणा को 1966 में इसी दिन एक अलग राज्य के रूप में गठित किया गया था।
सैनी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर साझा किए गए एक वीडियो संदेश में कहा, ‘‘आज हम अपने राज्य का 59वां स्थापना दिवस मना रहे हैं। मैं इस ऐतिहासिक दिन पर राज्य के सभी लोगों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देता हूं। मैं आप सभी के उज्ज्वल भविष्य की कामना करता हूं।’’
उन्होंने कहा कि यह त्योहारों एवं उत्सवों का मौसम है और ‘‘दिवाली के बाद, मैं लोगों को गोवर्धन पूजा के पावन पर्व और बहनों को भाई दूज की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देता हूं।’’
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी शुक्रवार को मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, हरियाणा, केरल और कर्नाटक के स्थापना दिवस के मौके पर इन राज्यों के लोगों को बधाई दी और उनके स्वस्थ एवं सफल जीवन की कामना की।
उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक के बाद एक पोस्ट में इन सभी राज्यों की प्रगति की भी कामना की।
प्रधानमंत्री ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘अपनी समृद्ध ऐतिहासिक विरासत के लिए विख्यात हमारे हरियाणा ने देश के विकास में हमेशा अहम योगदान दिया है। राज्य के स्थापना दिवस पर यहां की प्रगति में भागीदार अपने सभी भाई-बहनों को हार्दिक बधाई देने के साथ ही मैं उनके सुख, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना करता हूं।’’
मोदी के इस पोस्ट के जवाब में सैनी ने कहा, ‘‘मैं समस्त हरियाणवियों की ओर से माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को भी हरियाणा दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देता हूं।’’
सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में हरियाणा विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने भी इस अवसर पर राज्य के लोगों को शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘एक नवंबर, 1966 को इन्दिरा गांधी जी ने हरियाणा का गठन किया। श्रीमद्भगवद्गीता और वेदों की धरती हरियाणा ने सदैव ज्ञान-अध्यात्म के क्षेत्र में नयी दिशा दिखाई है और भाईचारे का संदेश दिया है।
सुरजेवाला ने कहा, ‘‘हरियाणा के वीर सैनिकों ने देश की सीमाओं की सदा रक्षा की, खिलाड़ियों ने विश्व में गौरव बढ़ाया, वहीं किसानों ने देश को खाद्यान्न में आत्मनिर्भर बनाया। हमें गर्व है कि हरियाणा के मेहनती, कर्मठ और साहसी लोगों ने सभी क्षेत्रों में योगदान देते हुए देश का नाम ऊंचा किया।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Nov 01, 2024 02:08 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

