हैदराबाद, दो जुलाई भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राष्ट्रीय कार्य समिति की बैठक से ठीक पहले राज्य में सत्तारूढ़ तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) और केंद्र में सत्तारूढ़ भाजपा के बीच नवाबों के इस शहर में प्रचार युद्ध चरम पर है।
भाजपा की बैठक के बीच राष्ट्रपति चुनाव में विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा यहां पहुंच रहे हैं और टीआरएस ने उनके स्वागत की भव्य तैयारियां की हैं।
भाजपा की राष्ट्रीय कार्य समिति की बैठक में शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार पूर्वाह्न राजधानी पहुंचने वाले हैं, लेकिन तेंलगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव उनकी अगवानी करने नहीं जाएंगे।
हालांकि, वह राष्ट्रपति चुनाव में विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा का स्वागत करने खुद हवाईअड्डे जाने वाले हैं और उनकी पार्टी ने इसकी भव्य तैयारियां भी की हैं।
इतना ही नहीं, कार्य समिति की बैठक के मद्देनजर भाजपा ने पूरे शहर को झंडे, पोस्टर व बैनर से पाट दिया है तो टीआरएस ने भी आक्रामक रुख अपनाते हुए शहर भर में प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा को निशाना बनाने वाले पोस्टर व बैनर लगाए हैं।
कई पोस्टर में ‘‘बाय, बाय मोदी’’, ‘‘अब बस करो’’ और ‘‘बहुत हो गया मोदी’’ लिखकर सीधे प्रधानमंत्री को निशाना बनाया गया है।
टीआरएस और मुख्यमंत्री राव का यह व्यवहार भाजपा नेताओं को नागवार गुजर रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री राव और उनकी पार्टी के इस कदम की कड़ी आलोचना की है।
भाजपा नेताओं ने पलटवार करते हुए कहा है कि इस तरह के हथकंडे अपनाकर और शक्ति प्रदर्शन करके राव और टीआरएस न ही प्रधानमंत्री मोदी का कद छोटा कर पाएंगे, न ही उन्हें लोगों के दिलों से दूर कर सकेंगे।
वहीं, टीआरएस के कार्यकारी अध्यक्ष और प्रदेश सरकार में मंत्री के टी रामा राव ने भाजपा और प्रधानमंत्री मोदी पर तंज कसते हुए ट्वीट किया और कहा कि केंद्र की सत्ताधारी पार्टी को राज्य की टीआरएस सरकार द्वारा लागू की गई नीतियों से सीखना चाहिए।
कार्य समिति में आने वाले भाजपा नेताओं का स्वागत करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘सुंदर शहर हैदराबाद में सभी जुमलाजीवियों का स्वागत है। यहां की दम बिरयानी और ईरानी चाय का आनंद लेना न भूलें।’’
इस ट्वीट के साथ उन्होंने हैशटेग ‘‘तेलंगाना द पावरहाउस’’ का इस्तेमाल किया और भाजपा नेताओं से कहा कि कृपया राज्य का दौरा करें, उसे याद रखें और फिर यहां लागू नीतियों को अपने क्षेत्र में क्रियान्वित करें।
कभी मुख्यमंत्री राव के बेहद करीबी और उनकी सरकार में मंत्री रहे इटेला राजेंद्र ने कहा कि राव का यह पुराना हथंकडा रहा है कि जब भी कोई दल उनके खिलाफ खड़ा हाता है तो वह उसका और उसके शीर्ष नेताओं का अपमान करने का कोई भी मौका नहीं चूकते।
राजेंद्र अब भाजपा में हैं। उन्होंने ‘पीटीआई-’ से बातचीत में कहा, ‘‘यह कोई पहला मौका नहीं है, जब प्रधानमंत्री राज्य के दौरे पर आ रहे हैं और मुख्यमंत्री उनका स्वागत करने नहीं जा रहे हैं। इससे पहले भी दो मौकों पर ऐसा हो चुका है। ऐसा करके वह अपने आपको छोटा कर रहे हैं।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY