देश की खबरें | मुख्यमंत्री नीतीश, उपमुख्यमंत्री तेजस्वी और राजद प्रमुख लालू विपक्षी बैठक के लिए बेंगलुरु रवाना
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव और उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव विपक्षी दलों की दूसरी बैठक में शामिल होने के लिए सोमवार को बेंगलुरु के लिए रवाना हुए।
पटना, 17 जुलाई बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव और उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव विपक्षी दलों की दूसरी बैठक में शामिल होने के लिए सोमवार को बेंगलुरु के लिए रवाना हुए।
दो दिवसीय विचार-मंथन सत्र में 26 विपक्षी दलों के शीर्ष नेताओं के भाग लेने की उम्मीद है। इस बैठक में विपक्षी दलों की ओर से वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा से मुकाबला करने के लिए एक संयुक्त आंदोलन की घोषणा किये जाने की संभावना है।
नीतीश के साथ उनकी पार्टी जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह और राज्य के जल संसाधन मंत्री संजय कुमार झा भी हैं।
विपक्षी एकता को लेकर 23 जून को पटना में नीतीश द्वारा आयोजित पहली बैठक में 15 दलों ने भाग लिया था।
इस बार बैठक में कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी के भी शामिल होने की संभावना है।
बैठक में शामिल होने वाले अन्य शीर्ष नेताओं में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के अलावा महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे शामिल हैं।
सूत्रों के मुताबिक बैठक के दौरान विपक्षी नेताओं द्वारा एक संयुक्त घोषणापत्र जारी करने के साथ अधिकांश लोकसभा सीट पर साझा विपक्षी उम्मीदवारों को खड़ा करने के प्रस्ताव पर चर्चा किए जाने की संभावना है।
उन्होंने कहा कि विपक्षी नेताओं की दूसरी बैठक के पहले सोमवार शाम को चर्चा के दौरान वार्ता के एजेंडे को अंतिम रूप दिया जाएगा।
सूत्रों ने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव के मद्देनजर विपक्षी गठबंधन के लिए एक साझा न्यूनतम कार्यक्रम का खाका खींचने और आपसी तालमेल के साथ रैलियां, सम्मेलन और आंदोलन करने जैसे मुद्दों को लेकर मसौदा तैयार करने के लिए एक उपसमिति गठित करने का भी प्रस्ताव है।
उन्होंने कहा कि बैठक के दौरान राज्यवार सीट बंटवारा तय करने की प्रक्रिया पर चर्चा किए जाने की संभावना है।
सूत्रों ने कहा कि विपक्षी नेता ईवीएम के मुद्दे पर भी चर्चा कर सकते हैं और चुनाव आयोग को सुधारों को लेकर सुझाव दे सकते हैं।
विपक्षी नेताओं की ओर से गठबंधन के लिए एक नाम सुझाने की भी योजना है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)