देश की खबरें | मुख्यमंत्री मैया सम्मान योजना विधानसभा चुनाव से पहले ‘छलावा’ : अर्जुन मुंडा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता अर्जुन मुंडा ने रविवार को झारखंड सरकार द्वारा हाल ही में शुरू ‘मुख्यमंत्री मैया सम्मान योजना’ को राज्य की माताओं और बहनों के साथ किया गया ‘छलावा’ करार दिया।
सरायकेला(झारखंड), एक सितंबरपूर्व केंद्रीय मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता अर्जुन मुंडा ने रविवार को झारखंड सरकार द्वारा हाल ही में शुरू ‘मुख्यमंत्री मैया सम्मान योजना’ को राज्य की माताओं और बहनों के साथ किया गया ‘छलावा’ करार दिया।
मुंडा ने कहा कि सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने 2019 के विधानसभा चुनाव से पहले अपने घोषणापत्र में इस योजना का वादा किया था और अगर वह इसके प्रति ईमानदार हैं तो उसे एक ही किस्त में पूरी राशि देनी चाहिए।
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मुंडा ने संवाददाताओं से कहा कि सरकार को एक किस्त में 60,000 रुपये भेजने चाहिए नहीं तो भाजपा अपने वादे से पीछे हटने के लिए राज्य सरकार के खिलाफ आंदोलन शुरू करेगी।
उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली सरकार दिसंबर 2019 में बनी थी और अगर सरकार ईमानदार है, तो उसे माताओं और बहनों से किए गए वादे के अनुसार जनवरी 2020 से अबतक की देय राशि का एक किस्त में भुगतान करना चाहिए और उनके बैंक खातों में 60,000 रुपये जाम कराने चाहिए।
मुंडा ने सवाल किया, ‘‘इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव से कुछ महीने पहले ही झारखंड सरकार ने यह योजना क्यों शुरू की?’’
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की मंशा ‘‘साफ नहीं’’ है और जुलाई/अगस्त में शुरू की गई योजना का उद्देश्य विधानसभा चुनावों में राजनीतिक लाभ प्राप्त करना है।
भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि झारखंड सरकार ने 2019 के विधानसभा चुनाव से पहले किए गए वादों में से एक भी वादे को पूरा नहीं किया, चाहे वह युवाओं को बेरोजगारी भत्ता देना हो या किसानों से फसल खरीदना हो।
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन के भाजपा में शामिल होने के बारे में पूछे जाने पर मुंडा ने कहा कि उनके अनुभव से संगठन को और मजबूती मिलेगी तथा पार्टी कार्यकर्ता इस घटनाक्रम से उत्साहित हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)