देश की खबरें | आयुष विश्वविद्यालय का कार्य समय से पूरा नहीं होने पर मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने नाराजगी जताई
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को कहा कि राज्य के पहले आयुष विश्वविद्यालय के निर्माण से जुड़े सभी कार्य जल्द से जल्द पूर्ण हो जाने चाहिए। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गयी।
गोरखपुर (उप्र), 17 जून उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को कहा कि राज्य के पहले आयुष विश्वविद्यालय के निर्माण से जुड़े सभी कार्य जल्द से जल्द पूर्ण हो जाने चाहिए। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गयी।
बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री ने समय से काम पूरा नहीं होने की अब तक की स्थिति पर गहरी नाराजगी जताते हुए कहा कि इसमें निर्माण से जुड़ी ऐसी कंपनियों पर कार्रवाई होनी चाहिए।
योगी ने मंगलवार शाम गोरखनाथ मंदिर के सभाकक्ष में अधिकारियों के साथ बैठक के दौरान विकास कार्यों, कानून व्यवस्था और हाल के दिनों में लोकार्पण के लिए प्रस्तावित महत्वपूर्ण कार्यक्रमों की तैयारियों की गहन समीक्षा की।
मुख्यमंत्री ने 30 जून को आयुष विश्वविद्यालय के लोकार्पण को लेकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रस्तावित आगमन को लेकर हो रही तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सबसे जरूरी है कि आयुष विश्वविद्यालय का निर्माण कार्य जल्द से जल्द पूर्ण हो। इसके लिए उन्होंने अधिकारियों को सतत पर्यवेक्षण के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 20 जून को प्रस्तावित गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे के लोकार्पण की तैयारी को लेकर भी जानकारी ली। कहा कि जनसभा स्थल पर सरकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार करने के लिए पर्याप्त होर्डिंग बैनर लगाए जाएं।
उन्होंने 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले योगाभ्यास कार्यक्रम की तैयारी के बारे में भी जानकारी ली। योगी ने कहा कि कार्यक्रम भव्य होना चाहिए।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़कों पर जाम की स्थिति न होने पाए और सड़क किनारे लगने वाले ठेले-खोमचे वालों का भी सत्यापन कराया जाए। सड़कों के किनारे नयी झुग्गी बस्ती न बसने पाए, इस पर लगातार नजर रखें।
मुख्यमंत्री ने बाढ़ बचाव की तैयारियों के बारे में भी जानकारी मांगी। उन्होंने तटबंधों पर हो रहे कार्यों के बारे में पूछा।
आधिकारिक बयान के मुताबिक लगभग सवा घंटे चली इस बैठक में मुख्यमंत्री ने सभी विभागों की योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी ली। मुख्यमंत्री योगी ने वन विभाग के अधिकारियों से चिड़ियाघर में बर्ड फ्लू के बारे में जानकारी ली।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 17, 2025 10:50 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

