एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | छत्तीसगढ़ : भर्ती परीक्षा में हाई-टेक नकल के आरोप में दो बहनें गिरफ्तार

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. छत्तीसगढ़ के बिलासपुर शहर में रविवार को छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल द्वारा आयोजित उप अभियंता (सिविल) और उप अभियंता (विद्युत/यांत्रिकी) भर्ती परीक्षा में हाई-टेक उपकरणों के माध्यम से नकल करने के आरोप में पुलिस ने एक युवती और उसकी बहन को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

देश की खबरें | छत्तीसगढ़ : भर्ती परीक्षा में हाई-टेक नकल के आरोप में दो बहनें गिरफ्तार

बिलासपुर, 14 जुलाई छत्तीसगढ़ के बिलासपुर शहर में रविवार को छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल द्वारा आयोजित उप अभियंता (सिविल) और उप अभियंता (विद्युत/यांत्रिकी) भर्ती परीक्षा में हाई-टेक उपकरणों के माध्यम से नकल करने के आरोप में पुलिस ने एक युवती और उसकी बहन को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक परीक्षा हाल में बैठी युवती अपने इनरवियर में छिपे कैमरे के माध्यम से प्रश्न पत्र की फोटो को बाहर बैठी अपनी छोटी बहन को भेजती थी तथा छोटी बहन वॉकी टॉकी के माध्यम से प्रश्नों का उत्तर अपनी बड़ी बहन को बता रही थी।

इस मामले को उजागर करने वाले भारतीय राष्ट्रीय छात्र संघ (एनएसयूआई) और बिलासपुर शहर कांग्रेस ने इसे बड़ा घोटाला बताते हुए मामले की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) जांच और परीक्षा को निरस्त करने की मांग की है।

बिलासपुर के सरकंडा थाने के प्रभारी निलेश पांडेय ने बताया कि छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) द्वारा लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) में उप अभियंता के 113 पदों पर भर्ती के लिए रविवार को परीक्षा आयोजित की गई थी। इस परीक्षा के लिए बिलासपुर में शासकीय रामदुलारे बालक उच्चतर माध्यमिक पाठशाला, सरकंडा को भी एक केंद्र बनाया गया था।

पांडेय ने बताया कि रविवार की सुबह परीक्षा के दौरान इलेक्ट्रॉनिक उपकरण की मदद से नकल करते हुए एक परीक्षार्थी युवती अन्नू सूर्या को पकड़ लिया गया। अन्नू सूर्या कोरिया से इंजीनियरिंग की परीक्षा पास करने के बाद वर्तमान में जशपुर के एक निजी स्कूल में पढ़ा रही है।

अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने इसी दौरान परीक्षा केंद्र के बाहर वॉकी-टॉकी तथा अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के माध्यम से अन्नू को प्रश्नों के उत्तर बताने वाली उसकी छोटी बहन अनुराधा बाई को भी गिरफ्तार कर लिया। अनुराधा अंडमान-निकोबार में रहकर पढ़ाई कर रही है।

पांडेय ने बताया कि केंद्राध्यक्ष पी मंडल की शिकायत पर दोनों बहनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता, सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम और छत्तीसगढ़ परीक्षा अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने इनर-वियर (जिसमें उपकरण छिपाकर परीक्षा केंद्र तक ले जाया गया) दो मोबाइल, वॉकी-टॉकी, माइक्रो ईयर-फोन समेत लगभग सात इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी जब्त किए हैं।

अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में दोनों आरोपी बहनों ने जानकारी दी है कि अंडमान-निकोबार में रह रही छोटी बहन अनुराधा बाई और जशपुर निवासी बड़ी बहन अन्नू ने पीडब्ल्यूडी में भर्ती परीक्षा में पास होने के लिए नकल करने की साजिश रची थी। अनुराधा इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के संचालन की अच्छी जानकार है। उसने योजनाबद्ध तरीके से वॉकी-टॉकी, माइक्रो ईयर-फोन, टैबलेट तथा एक ही फ्रीक्वेंसी में काम करने वाले अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ऑनलाइन खरीदे थे। दोनों ने परीक्षा से पहले तीन-चार दिनों तक इसका अभ्यास किया था।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पुलिस दोनों युवतियों को रिमांड में लेने के लिए न्यायालय के समक्ष पेश करेगी।

इधर, मामले को उजागर करने वाली एनएसयूआई और बिलासपुर कांग्रेस ने इसे बड़ा व्यापम घोटाला बताते हुए इसकी सीबीआई जांच और परीक्षा को निरस्त करने की मांग की है।

इस संबंध में एनएसयूआई और बिलासपुर शहर कांग्रेस कमेटी ने सोमवार को एक रैली निकालकर जिलाधिकारी को एक ज्ञापन भी सौंपा है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 14, 2025 07:42 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).