देश की खबरें | छत्तीसगढ़ : इनामी नक्सली समेत तीन नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा जिले में एक इनामी नक्सली समेत तीन नक्सलवादियों ने सुरक्षा बलों के सामने आत्मसमर्पण किया।
रायपुर, 22 सितंबर छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा जिले में एक इनामी नक्सली समेत तीन नक्सलवादियों ने सुरक्षा बलों के सामने आत्मसमर्पण किया।
दंतेवाड़ा जिले के पुलिस अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि जिले में चलाए जा रहे लोन वर्राटू (घर वापस आइए) अभियान से प्रभावित होकर पंचायत कमेटी अध्यक्ष धुरवा तेलाम (40), जनमिलिशिया सदस्य कोसा उर्फ कट्टी (25) और कोसा मिड़यामी (32) ने किरंदुल थाने में आत्मसमर्पण किया।
अधिकारियों ने बताया कि नक्सली धुरवा पर एक लाख रुपए का इनाम है।
उन्होंने बताया कि नक्सलियों ने माओवादी संगठन की खोखली विचारधारा से तंग आकर तथा लोन वर्राटू अभियान से प्रभावित होकर समाज की मुख्य धारा से जुड़ने का फैसला किया है।
पुलिस ने बताया कि आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों के खिलाफ हत्या, हत्या का प्रयास समेत कई मामले दर्ज हैं।
उन्होंने बताया कि पिछले एक साल से दंतेवाड़ा जिले में नक्सलियों की घर वापसी के लिए थाना, शिविरों और ग्राम पंचायतों में संबंधित क्षेत्र के सक्रिय माओवादियों का नाम चस्पा कर उनसे आत्मसमर्पण कर सम्मानपूर्वक जीवनयापन करने लिए कहा जा रहा है।
अधिकारियों ने बताया कि लोन वर्राटू अभियान के तहत अब तक 116 इनामी नक्सली सहित कुल 429 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Sep 22, 2021 09:03 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

