एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | छत्तीसगढ़ : संदिग्ध नक्सलियों ने भाजपा नेता की हत्या की

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में शुक्रवार को संदिग्ध नक्सलियों ने सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक नेता की हत्या कर दी। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

देश की खबरें | छत्तीसगढ़ : संदिग्ध नक्सलियों ने भाजपा नेता की हत्या की

बीजापुर, एक मार्च छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में शुक्रवार को संदिग्ध नक्सलियों ने सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक नेता की हत्या कर दी। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि संदिग्ध नक्सलियों ने जनपद पंचायत के सदस्य तिरूपति कटला की धारदार हथियार से हत्या कर दी है।

अधिकारियों ने बताया कि यह घटना तोयनार गांव में रात करीब आठ बजे हुई जब कटला एक शादी में शामिल होने गए थे।

उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार जब कटला समारोह से बाहर निकले तब नक्सलियों ने उनपर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस अधिकारियों ने बताया घटना के बाद उन्हें बीजापुर जिला अस्पताल ले जाया गया जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

पिछले एक वर्ष में राज्य के नक्सल प्रभावित इलाकों में नक्सलियों द्वारा किसी भाजपा नेता की यह सातवीं हत्या है।

पिछले साल नवंबर में विधानसभा चुनाव से पहले, भाजपा की नारायणपुर जिला इकाई के उपाध्यक्ष रतन दुबे की जिले के झाराघाटी थाना क्षेत्र के एक बाजार में धारदार हथियार से हत्या कर दी गई थी। दुबे तब चुनाव प्रचार कर रहे थे।

पिछले वर्ष 20 अक्टूबर को मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के सरखेड़ा गांव में संदिग्ध माओवादियों ने भाजपा कार्यकर्ता बिरजू ताराम की गोली मारकर हत्या कर दी थी। जून में बीजापुर जिले में संदिग्ध नक्सलियों ने एक स्थानीय भाजपा नेता की हत्या कर दी थी। पिछले साल ही फरवरी में बस्तर संभाग में अलग-अलग स्थानों पर इसी तरह की घटनाओं में तीन भाजपा नेताओं की हत्या कर दी गई थी।

पिछली कांग्रेस सरकार में विपक्ष में रही भाजपा ने इन हत्याओं को "लक्षित" हत्याएं करार दिया था और इसकी उच्च स्तरीय जांच की मांग की थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Mar 01, 2024 10:58 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).