देश की खबरें | छत्तीसगढ़: बीजापुर में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ में नक्सली नेता ढेर
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में नक्सली नेता और तेलंगाना राज्य समिति के सदस्य भास्कर को मार गिराया। भास्कर पर कुल 45 लाख रुपये का इनाम था। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
रायपुर, छह जून छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में नक्सली नेता और तेलंगाना राज्य समिति के सदस्य भास्कर को मार गिराया। भास्कर पर कुल 45 लाख रुपये का इनाम था। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि जिले के इंद्रावती राष्ट्रीय उद्यान क्षेत्र में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में नक्सलियों के ‘तेलंगाना स्टेट कमेटी’ की विशेष कमेटी के सदस्य भास्कर उर्फ मइलारापु अडेल्लू (45) को मार गिराया।
उन्होंने बताया कि बुधवार से बीजापुर जिले के इंद्रावती राष्ट्रीय उद्यान क्षेत्र में नक्सल विरोधी अभियान जारी है और इस अभियान में राज्य पुलिस के विशेष कार्य बल (एसटीएफ), जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की विशिष्ट इकाई कोबरा बटालियन के जवान शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान शुक्रवार को हुई मुठभेड़ के बाद सुरक्षाबलों ने घटनास्थल से नक्सली नेता भास्कर का शव बरामद किया।
अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षाबलों ने घटनास्थल से एक एके-47 राइफल, विस्फोटक, हथियार, गोला बारूद और अन्य सामान बरामद किया।
उन्होंने बताया कि भास्कर, तेलंगाना के आदिलाबाद जिले का निवासी था औक भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा)- माओवादी संगठन की तेलंगाना राज्य समिति के मंचेरियल कोमरम भीम (एमकेबी) का सचिव था।
छत्तीसगढ़ में भास्कर पर 25 लाख और तेलंगाना में 20 लाख रुपये का इनाम था।
अधिकारियों ने बताया कि बृहस्पतिवार को अभियान के दौरान सुरक्षाबलों ने इस क्षेत्र में मुठभेड़ में केंद्रीय समिति सदस्य गौतम उर्फ सुधाकर को मार गिराया था।
उन्होंने बताया कि मुठभेड़ स्थल से भागे हुए अन्य माओवादियों की तलाश के लिए क्षेत्र में तलाशी अभियान जारी है और अभियान के समाप्त होने के बाद इस संबंध में अधिक जानकारी दी जाएगी।
पुलिस के मुताबिक, बृहस्पतिवार को इस स्थान पर मारे गए माओवादी नेता सुधाकर पर 40 लाख रुपये का इनाम था।
पुलिस ने बताया कि आंध्र प्रदेश निवासी 67 वर्षीय सुधाकर युवाओं को कट्टरपंथी बनाने और उन्हें भड़काने में शामिल था तथा छत्तीसगढ़ में कई नक्सली हमलों के लिए जिम्मेदार था।
इससे पहले सुरक्षाबलों ने भाकपा (माओवादी) के महासचिव नंबाला केशव राव उर्फ बसवराजू (70) को बस्तर क्षेत्र में मार गिराया था।
बसवराजू 21 मई को नारायणपुर-बीजापुर जिले की सीमा में हुई मुठभेड़ में मारा गया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 06, 2025 09:06 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

