एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | छत्तीसगढ़ : प्रधान आरक्षक की पत्नी और बेटी की हत्या, एक अन्य आरक्षक पर हमला

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में एक बदमाश ने धारदार हथियार से प्रधान आरक्षक की पत्नी और बेटी की हत्या कर दी तथा एक अन्य आरक्षक पर खौलता तेल फेंक दिया। पुलिस अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस ने आरोपी बदमाश की तलाश शुरू कर दी है।

देश की खबरें | छत्तीसगढ़ : प्रधान आरक्षक की पत्नी और बेटी की हत्या, एक अन्य आरक्षक पर हमला

सूरजपुर, 14 अक्टूबर छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में एक बदमाश ने धारदार हथियार से प्रधान आरक्षक की पत्नी और बेटी की हत्या कर दी तथा एक अन्य आरक्षक पर खौलता तेल फेंक दिया। पुलिस अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस ने आरोपी बदमाश की तलाश शुरू कर दी है।

अधिकारियों के मुताबिक, सूरजपुर के कोतवाली थाना क्षेत्र में आदतन बदमाश कुलदीप साहू ने थाने में पदस्थ प्रधान आरक्षक तालिब शेख की पत्नी मेहनाज शेख (35) और बेटी आलिया शेख (11) की धारदार हथियार से हत्या कर दी तथा एक अन्य आरक्षक पर खौलता तेल फेंक दिया, जिससे वह बुरी तरह से घायल हो गया।

अधिकारियों के अनुसार, घायल आरक्षक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सूरजपुर के पुलिस अधीक्षक एम आर अहीरे ने बताया कि रविवार रात जब दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के लिए थाने के बल की ड्यूटी लगाई गई थी, तब साहू ने एक आरक्षक के ऊपर खौलता तेल फेंक दिया।

अहीरे के मुताबिक, जब पुलिस दल को मामले की जांच करने और साहू को गिरफ्तार करने के लिए भेजा गया, तब साहू ने प्रधान आरक्षक शेख और पुलिस दल पर चार पहिया वाहन चढ़ाकर उन्हें मारने की कोशिश की। बाद में साहू वहां से फरार हो गया।

अहीरे बताया कि दुर्गा प्रतिमा विसर्जन का कार्यक्रम खत्म होने के बाद जब शेख अपने घर पहुंचे, तो उन्होंने दरवाजा टूटा हुआ पाया तथा उनकी पत्नी और बेटी भी घर में मौजूद नहीं थीं।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घर में भारी मात्रा में खून देखकर शेख को किसी अनहोनी की आशंका हुई, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंचे पुलिस दल ने शेख की पत्नी और बेटी की खोज शुरू की।

अहीरे के अनुसार, सोमवार सुबह शहर से लगभग चार किलोमीटर दूर पीढ़ा गांव के पास शेख की पत्नी और बेटी का शव बरामद किया गया। उन्होंने बताया कि पुलिस को जानकारी मिली है कि साहू ने इस घटना को अंजाम दिया है।

अहीरे के मुताबिक, साहू की तलाश के लिए पुलिस दल को रवाना किया गया है और जिले के सभी थानों को सतर्क कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस दल ने खोजबीन के दौरान रात में गाड़ियों की तलाशी ली और कुछ वाहनों को पीछा कर पकड़ा, जिनमें खून के निशान लगे हुए थे।

अहीरे के अनुसार, पुलिस ने एक वाहन को रोकने की कोशिश की, लेकिन चालक नहीं रुका, जिसके बाद टायर में गोली मारी गई।

अहीरे ने कहा कि यह पुलिस परिवार के ऊपर हमला है और इस तरह के कृत्य को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय लोगों ने साहू के घर में तोड़फोड़ और आगजनी की।

उन्होंने बताया कि भीड़ पर काबू पाने के दौरान कुछ लोगों ने वहां मौजूद अनुविभागीय दंडाधिकारी पर हमला कर दिया, जिसके बाद उन्होंने भागकर अपनी जान बचाई।

अधिकारियों के मुताबिक, क्षेत्र में तनाव को देखते हुए वहां बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किए गए हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Oct 14, 2024 04:14 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).