देश की खबरें | छत्तीसगढ़ सरकार 12 मार्च को किसानों को धान खरीदी की अंतर राशि का भुगतान करेगी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शनिवार को कहा कि 24 लाख से अधिक किसानों को धान खरीदी की अंतर राशि 13 हजार करोड़ रुपये 12 मार्च को वितरित की जाएगी।
रायपुर, दो मार्च छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शनिवार को कहा कि 24 लाख से अधिक किसानों को धान खरीदी की अंतर राशि 13 हजार करोड़ रुपये 12 मार्च को वितरित की जाएगी।
यह राशि किसानों को उनके धान की खरीद के बदले दी जाने वाली न्यूनतम समर्थन मूल्य पर अतिरिक्त धनराशि है।
साय ने राज्य के जशपुर जिले के तामामुंडा गांव में एक जनसभा को संबोधित करते हुए यह घोषणा की।
भाजपा ने विधानसभा चुनाव के दौरान किसानों से 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदने का वादा किया था।
खरीफ वर्ष 2023-24 के लिए धान की खरीद एक नवंबर से चार फरवरी के बीच हुई थी और 24 लाख से अधिक किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य पर कुल 147 लाख मीट्रिक टन धान की खरीद की गई थी।
सामान्य ग्रेड धान के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य 2183 रुपये प्रति क्विंटल और ग्रेड ए धान के लिए 2203 रुपये था।
साय ने सभा को संबोधित करते हुए कहा, ''हमारे वादे के मुताबिक किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान खरीदा गया। कुल 147 मीट्रिक धान की खरीद की गई, जो एक रिकार्ड है। किसानों को अपना धान बेचने पर समर्थन मूल्य मिला है लेकिन 3100 रुपये प्रति क्विंटल देने के वादे के मुताबिक, अंतर की राशि 917 रुपये प्रति क्विंटल 12 मार्च को दी जाएगी।''
साय ने कहा, “24 लाख से अधिक किसानों को अंतर की राशि उनके बैंक खाते में दी जायेगी। 12 मार्च को केंद्रीय कृषि मंत्री अर्जुन मुंडा राज्य के दौरे पर रहेंगे।”
उन्होंने कहा कि हर जिले में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे और अंतर राशि जो लगभग 13 हजार करोड़ रुपये है, किसानों के खातों में वितरित की जाएगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Mar 02, 2024 03:46 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

