देश की खबरें | आकंठ भ्रष्टाचार में डूबी है छत्तीसगढ़ सरकार - नड्डा

बिलासपुर (छत्तीसगढ़), 30 जून भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे. पी. नड्डा ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को ‘भ्रष्टाचार का बादशाह’ करार देते हुए राज्य की कांग्रेस के नेतृत्व वाली सरकार पर आकंठ भ्रष्टाचार डूबे रहने का आरोप लगाया।

उन्होंने राज्य में भ्रष्टाचार को खत्म करने के लिए वर्ष के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव में अपनी पार्टी के लिए वोट मांगा।

नड्डा ने केंद्र की नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि सरकार ने अपने नौ साल के शासन में गरीबों, वंचित वर्गों, युवाओं, दलितों और किसानों को सशक्त बनाया है।

राज्य के बिलासपुर शहर में एक रैली को संबोधित करते हुए, नड्डा ने कहा कि बघेल के नेतृत्व वाली सरकार भ्रष्टाचार के अलावा कोई काम नहीं करती है और सभी भ्रष्ट लोग मुख्यमंत्री से जुड़े हुए हैं।

आगामी विधानसभा चुनावों में लोगों से भाजपा को वोट देने का आग्रह करते हुए, नड्डा ने कहा कि राज्य में ‘भ्रष्ट’ कांग्रेस नीत सरकार को हटाना जरूरी हो गया है।

छत्तीसगढ़ में रमन सिंह के नेतृत्व में 15 वर्ष तक शासन करने वाली भाजपा को कांग्रेस ने वर्ष 2018 में हरा दिया था।

नड्डा ने रैली में मुख्यमंत्री बघेल पर हमला करते हुए कहा, ‘‘भूपेश बघेल जी कोई काम नहीं करते हैं। वह आकंठ भ्रष्टाचार में डूबे हुए हैं। वह भ्रष्ट लोगों के ‘बादशाह’ बन गए हैं। राज्य में जो भ्रष्टाचार कर रहा है वह उनसे जुड़े हुए हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘बघेल नीत सरकार ने पूर्ववर्ती रमन सिंह के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार के दौरान शुरू किए गए कार्यों और योजनाओं पर अपना ‘लेबल’ लगा दिया है।’’

उन्होंने जनसभा में आए लोगों से पूछा कि क्या बघेल के नेतृत्व वाली सरकार ने कोयला परिवहन, शराब, रेत और अन्य क्षेत्रों में भ्रष्टाचार किया है या नहीं, इस पर लोगों ने ‘हां’ में जवाब दिया।

नड्डा ने पूछा कि क्या मुख्यमंत्री की उप सचिव पिछले पांच माह से जेल में नहीं हैं? वह राज्य में कथित कोयला लेवी घोटाले मामले में प्रवर्तन निदेशालय द्वारा गिरफ्तार की गई एक नौकरशाह का जिक्र कर रहे थे।

उन्होंने जनता से भ्रष्ट लोगों को घर बैठाने और कांग्रेस नीत सरकार को सत्ता से बाहर करने को कहा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार की नौ वर्ष की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए नड्डा ने कहा, ‘‘भारत को मजबूत करने के लिए गरीबों, वंचितों, युवाओं, दलितों और किसानों को सशक्त बनाना होगा और मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने इस दिशा में काम किया है।’’

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय अर्थव्यवस्था मजबूत हुई और देश की विकास दर ब्रिटेन को पछाड़कर दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गई।

भाजपा नेता ने कहा कि वह दिन दूर नहीं जब भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा।

उन्होंने कहा कि जब महामारी के कारण आर्थिक मंदी आई और यूक्रेन संघर्ष के कारण आपूर्ति बाधित हुई, तब दुनिया के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया। लेकिन मॉर्गन स्टेनली की रिपोर्ट में कहा गया कि ऐसी प्रतिकूल स्थिति में केवल भारत ही आशा की किरण बनकर उभरा है।

बुनियादी ढांचे के विकास में मोदी नीत सरकार द्वारा किए गए कार्य पर प्रकाश डालते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि इस साल केंद्र ने बुनियादी ढांचे के विकास में 10 लाख करोड़ रुपये का निवेश करने की योजना बनाई है, जिसमें राजमार्ग, रेलवे, पुल और फ्लाईओवर का निर्माण शामिल है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)